बरेली: अखा के तालाब में अब कार गिरी, बाल-बाल बचे 7 लोग
बिशारतगंज, अमृत विचार। बिशारतगंज के अखा गांव में रेलवे क्रॉसिंग के पास सड़क से सटा तालाब एक बार फिर हादसे की वजह बन गया और सात लोगों की जान जाते-जाते बच गई। क्रॉसिंग से गुजर रही कार सामने से आ रही बाइक बचाने की कोशिश में इस तालाब में जा गिरी और उसमें महिलाओं-बच्चों समेत सात लोग फंस गए।
गांव वालों ने उन्हें जैसे-तैसे निकाला। तब तक पानी में दम घुटने से उनकी हालत खराब हो चुकी थी। आननफानन सभी को अस्पताल भेजा गया। पहले भी इस तालाब में कई वाहन गिर चुके हैं।
भमोरा इलाके के गांव राजपुर में रहने वाले सुमित सिंह बुधवार को अपनी रिश्तेदारी में जा रहे थे। कार में उनके साथ परिवार की दो महिलाएं और चार बच्चे भी थे। अखा रेलवे क्रासिंग पार करते ही अचानक एक बाइक कार के सामने आ गई।
सुमित ने उसे बचाने की कोशिश की तो कार तालाब में जा गिरी। उसमें बैठे सातों लोग डूबने लगे और उन्होंने मदद के लिए चिल्लाना शुरू कर दिया। आसपास मौजूद लोगों ने यह नजारा देखा तो कई लोग तालाब में कूद गए। खिड़कियों के शीशे तोड़कर उन्होंने अंदर मौजूद लोगों को एक-एक बाहर बाहर निकाला। तालाब में कार गिरने से सभी लोग मामूली रूप से चोटिल भी हो गए।
गांव के लोगों ने बताया कि तालाब सड़क के बिल्कुल सटा हुआ है। इस कारण इधर से गुजरने वाले वाहनों के लिए जरा भी असावधानी हादसे का कारण बन जाती है। नौ जुलाई को मुर्गी दाना लेकर जा रहा एक ट्रक भी इस तालाब में गिर गया और उसके ड्राइवर और हेल्पर घायल हो गए थे। उसी दौरान दो रोडवेज बसें भी इस तालाब में गिरते-गिरते बची थीं।
इसके अलावा एक ट्रैक्टर और दो बैलगाड़ी तालाब में गिर चुकी हैं। ग्रामीणों ने किसी भी दिन बड़ा हादसा होने की आशंका जताते हुए अधिकारियों से मांग की है कि तालाब के किनारे सड़क पर सुरक्षा इंतजाम किए जाएं ताकि हादसे न हों।
ये भी पढे़ं- बरेली: चौबारी मेले को लेकर घाट पर तैयारियां शुरू, झूले और सर्कस के साथ लगने लगीं दुकानें
