बरेली: एआई सॉफ्टवेयर ने पांच साल पुराने जीएसटी रिटर्न में पकड़ीं कमियां
बरेली, अमृत विचार। जीएसटी विभाग के आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस सॉफ्टवेयर ने बरेली में पांच साल पहले दाखिल किए गए दो हजार व्यापारियों के रिटर्न में गड़बड़ी पकड़ी है। इसके बाद इन व्यापारियों को नोटिस जारी किए गए हैं।
अधिकारियों के मुताबिक आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस सॉफ्टवेयर के जरिए अब भी जांच चल रही है। इसके पूरा होने के बाद और नोटिस जारी किए जा सकते हैं। नोटिस मिलने के बाद व्यापारियों में असमंजस का माहौल है।
उधर, विभागीय अधिकारियों का कहना है कि ट्रिपल आईआईटी के सहयोग से जीएसटी मुख्यालय पर विकसित आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस सॉफ्टवेयर की ओर से ही ये नोटिस उन व्यापारियों को भेजे गए हैं जिनका वित्तीय वर्ष 2017-18 में किन्हीं वजह से पूरा रिटर्न नहीं भरा गया है।
ये नोटिस दाखिल किए गए मासिक जीएसटी रिटर्न और वार्षिक जीएसटी रिटर्न के बीच मिले अंतर के आधार पर जारी किए गए हैं। इसके बाद अब 2018-19 में दाखिल किए गए रिटर्न की भी जांच की जा रही हैं। गड़बड़ी पाई गई तो जल्द इसके भी नोटिस भेजे जाएंगे।
उन्होंने बताया कि व्यापारी 2017-18 में दाखिल किए गए जीएसटी रिटर्न के रिकॉर्ड की जांच कर सकते हैं। अगर उन्हें लग रहा है कि नोटिस सही नहीं है तो वे उसे ऑनलाइन ही दुरुस्त करा सकते हैं। इसके लिए किसी भी कारोबारी को विभागीय कार्यालय आने की जरूरत नहीं है। अगर नोटिस सही है, तब भी रिटर्न ऑनलाइन दाखिल करने का विकल्प उनके पास है।
एक हजार रुपये से कम अंतर पर नोटिस नहीं
राज्यकर विभाग के उपायुक्त प्रशासन ब्रजेश ने बताया कि जिन रिटर्न में एक हजार रुपये से कम का अंतर है, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस ने ऐसे व्यापारियों को नोटिस जारी नहीं किए गए हैं।
विभागीय स्तर पर भी इन नोटिसों को रद्द किया जा रहा है। वहीं, वर्ष 2017-18 में जिन व्यापारियों के दाखिल रिटर्न में कमी मिली है या फिर उन्होंने दाखिल रिटर्न के हिसाब से कम टैक्स जमा किया है और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस सॉफ्टवेयर की पकड़ में आ गए हैं, वे यह कमी दिसंबर के अंत तक दूर सकते हैं।
व्यापारियों के रिटर्न की जांच के लिए लखनऊ में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस सॉफ्टवेयर काम कर रहा है। पंजीकृत व्यापारियों में से करीब 25 फीसदी को रिटर्न में कमी मिलने पर नोटिस भेजे गए हैं। व्यापारी परेशान होने के बजाय कमियों को ऑनलाइन दूर कर सकते हैं। -ओम प्रकाश चौबे, जीएसटी एडिशनल कमिश्नर ग्रेड-1
ये भी पढे़ं- बरेली: चौबारी मेले को लेकर घाट पर तैयारियां शुरू, झूले और सर्कस के साथ लगने लगीं दुकानें
