UP: वो के बीच में आने से होने लगा था विवाद…पति की मौत के बाद रहती थी लिव इन में, पोस्टमार्टम रिपोर्ट बयां कर रही नृशंसता की हद

कानपुर में सिर पर भारी वस्तु मारकर की गई महिला की हत्या।

UP: वो के बीच में आने से होने लगा था विवाद…पति की मौत के बाद रहती थी लिव इन में, पोस्टमार्टम रिपोर्ट बयां कर रही नृशंसता की हद

कानपुर में सिर पर भारी वस्तु मारकर महिला की हत्या की गई थी। सिर की आधा दर्जन हड्डियां टूटी मिलीं। इसके साथ ही शरीर में पांच जगहों पर चोट के निशान मिले।

कानपुर, अमृत विचार। कानपुर में सिर पर भारी वस्तु मारकर महिला की हत्या की गई थी। सिर की आधा दर्जन हड्डियां टूटी मिलीं। इसके साथ ही शरीर में पांच जगहों पर चोट के निशान मिले।

यह था मामला

गीतानगर के गर्ल्स हॉस्टल की महिला केयरटेकर की हत्या सिर पर किसी भारी वस्तु का प्रहार करके की गई थी। बुधवार को पोस्टमार्टम रिपोर्ट से यह पता चला। महिला के सिर की आधा दर्जन से अधिक हड्डियां टूटी मिली हैं, जिससे महिला कोमा में चली गई थी। भारी वस्तु के प्रहार से स्कल बोन पूरी तरह से चकनाचूर हो गई है, जिससे साफ पता चलता है कि हत्यारोपी ने नृशंसता से केयरटेकर के सिर पर ताबड़तोड़ तेज प्रहार किए थे। शरीर पर पांच अन्य जगहों पर भी चोटें मिली हैं। रेप की आशंका के चलते स्लाइड बनाई गई है। पोस्टमार्टम डफरिन, कांशीराम व सीएचसी कल्याणपुर के तीन डाक्टरों के पैनल ने किया। पोस्टमार्टम की वीडियोग्राफी भी कराई गई। पुलिस ने कमरे से भागे अर्जुन यादव उर्फ कुलदीप के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है।

परेवा पर हुई थी शराब पार्टी 

मृतका की बेटी ने पुलिस को बताया कि मम्मी ने परेवा पर पार्टी का इंतजाम किया था, जिसमें कुलदीप उर्फ अर्जुन और उसके दोस्तों को शामिल होने के लिए कहा था। पुलिस के मुताबिक पार्टी में शामिल होने के लिए कुलदीप समेत पांच लोग आए थे, पहले एक शराब की बोतल लाई गई थी, कम पड़ने पर दो टेट्रा पैक भी लाए गए थे। कमरे में मौजूद सभी लोगों ने शराब पी थी। 

किसी तीसरे की जानकारी से होने लगा था विवाद

पुलिस सूत्रों के अनुसार 2018 में पति की मौत के बाद से महिला कुलदीप उर्फ अर्जुन के साथ रहने लगी थी। पांच साल से अर्जुन और महिला लिव इन रिलेशनशिप में रह रहे थे। जिसकी जानकारी दोनों के परिवार वालों को थी। परिजनों के मुताबिक बीते कुछ दिनों से महिला और अर्जुन के बीच किसी तीसरे के आने की आशंका को लेकर विवाद चल रहा था। पुलिस ने अपनी जांच में इस बिंदु को भी शामिल किया है कि वह तीसरा व्यक्ति कौन है।

हत्यारोपी के पिता ने कराया था अस्पताल में भर्ती

अस्पताल के रिकार्ड के मुताबिक महिला केयरटेकर को हैलट में अर्जुन के पिता ने भर्ती कराया था। जबकि वारदात के कुछ समय पहले ही अर्जुन का एक साथी मौके से फरार हो गया था जिसे पुलिस ने उसके घर से ही गिरफ्तार किया है। पुलिस ने हॉस्टल में लगे दो सीसीटीवी कैमरे का डीवीआर भी कब्जे में लिया है जिसमें अर्जुन और दूसरे आरोपियों का मूवमेंट साफ दिखाई दे रहा है। पुलिस ने अर्जुन की शर्ट भी कब्जे में ली है। पुलिस के मुताबिक शर्ट और गद्दे में मिले ब्लड का मिलान कराया जाएगा। 

बेटी को है जानकारी, नहीं खोल रही मुंह

इस सनसनीखेज वारदात को 24 घंटे से ज्यादा का समय बीत गया लेकिन वारदात के एक-एक बिंदु की जानकार मृतका की बेटी कुछ भी खुलकर नहीं बता रही है। बेटी के मोबाइल में अर्जुन सहित सभी आरोपियों के मोबाइल नंबर भी पुलिस को मिले हैं। 

काफी देर तक बहता रहा खून

अगर महिला केयरटेकर को समय पर अस्पताल में भर्ती करा दिया जाता तो वह कोमा में नहीं जाती और ज्यादा खून भी नहीं बहता। पोस्टमार्टम करने वाले डॉक्टरों के मुताबिक समय से इलाज मिल जाता तो मृतका को बचाया जा सकता था।

ये भी पढ़ें- Etawah Train Fire: ट्रेन में आग की सूचना मिलते ही कानपुर सेंट्रल के अधिकारियों में मचा हड़कंप... तीन घंटे तक रहा अफरा-तफरी का माहौल