शाहजहांपुर: बेटे की अंत्येष्टि के दूसरे दिन मां की हार्ट अटैक से मौत

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

सिंधौली, अमृत विचार। सड़क दुर्घटना में घायल हुए सोनपाल की मौत का सदमा मां सरला देवी नही बर्दाश्त कर पाई। अंत्येष्टि के अगले दिन ही हार्ट अटैक से सरला देवी ने दम तोड़ दिया। क्षेत्र के गांव महुआ पाठक निवासी अनवीर के 25 वर्षीय पुत्र सोनपाल दो नवम्बर को अपने मित्र विमल के साथ बाइक पर सवार होकर पुवायां की ओर से वापस घर आ रहे थे।

दिल्ली-पलिया हाईवे पर गांव मैनारी के समीप सिंघाड़े खरीदने के लिए बाइक रोकते ही सामने से आ रहे अनियंत्रित ट्रैक्टर ने दोनों को टक्कर मार दी। जिसके बाद घायल सोनपाल ने मंगलवार रात उपचार के दौरान शहर के निजी अस्पताल में दम तोड़ दिया।

बुधवार को परिजनों ने शव को हाईवे पर रखकर कार्यवाही की मांग करते हुए रोड जाम किया था। प्रभारी निरीक्षक ने आश्वासन देकर  जाम हटवाया था। परिजनों ने शव की दोपहर बाद अंत्येष्टि कर दी गई। इस घटना ने सोनपाल की मां सरला देवी को तोड़कर रख दिया।

पुत्र की अंत्येष्टि के बाद से अन्न जल त्याग चुकी मां सरला की पूरी रात जागकर रोते रोते व्यतीत हुई। बार बार बेटे का नाम लेकर बिलख रही मां सरला देवी की बृहस्पतिवार दोपहर तबीयत बिगड़ गयी।

बेहोश हो चुकी मां सरला के उपचार के लिए परिजनों ने चिकित्सक को बुलाया लेकिन उससे पूर्व ही उनकी मृत्यु हो चुकी थी। सोनपाल के बाद मां सरला देवी की मृत्यु से परिवार में अनवीर सहित राजेश, अनूप, रमेश और सीमा तथा विवाहित पुत्री श्रुति के करुण विलाप से पूरे गांव में शोकाकुल माहौल है।

ये भी पढ़ें: शाहजहांपुर: युवती की हैंगिंग से मौत, शरीर में चोट के निशान नहीं

संबंधित समाचार