बिजनौर: महिला ने प्रेमी को कर्ज से उबारने के लिए रचा था षड्यंत्र, सामूहिक दुष्कर्म मामले का हुआ राजफाश
डकैती, महिला ने ही प्रेमी को दिया था सोना-चांदी और कैश
घटना का खुलासा करते एसपी नीरज कुमार जादौन
बिजनौर, अमृत विचार। नगीना देहात थाना क्षेत्र में कारोबारी के घर हुई डकैती व सामूहिक दुष्कर्म की घटना का पुलिस ने गुरुवार को खुलासा कर दिया। महिला प्रेमी का कर्ज उतारने के लिए यह षड़यंत्र रची थी। पुलिस ने उसके प्रेमी को लूटे गए माल के साथ गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस अधीक्षक नीरज जादौन ने बताया कि पीड़ित महिला के साथ लगभग 10-12 साल से किरतपुर क्षेत्र निवासी पुष्पेंद्र चौधरी के अंतरंग संबंध थे। वह महिला की योजना के अनुसार ही घर में आया था। तहरीर में दर्ज कराया गया सारा सामान महिला ने स्वयं ही उसे दिया था। महिला के साथ सामूहिक दुष्कर्म की पुष्टि नहीं हुई है। घटना को दोनों ने मिलकर अंजाम दिया था।
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि पुष्पेंद्र चौधरी ने महिला को सिम कार्ड दिया था। इस पर दोनों बात करते थे। पुष्पेंद्र पहले शिक्षक रह चुका है और पीड़िता भी शिक्षक है। तभी से दोनों के संबंध हैं। एक माह पहले 19 अक्टूबर को भी पुष्पेंद्र चौधरी महिला के पास आया था। महिला ने उसे 40,000 रुपये दिए थे और घर में चोरी की तहरीर देकर रिपोर्ट दर्ज करने की कोशिश की गई थी। पुष्पेंद्र अब बिजनौर में रहता है। शेयर मार्केट में घाटा से उस पर कर्जा हो गया था। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि घटना में शामिल महिला के खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से सोने-चांदी के आभूषण, स्कूटी, एलईडी व घड़ियां भी बरामद कर ली हैं।
ज्ञात हो कि नगीना थाना देहात क्षेत्र के एक मोहल्ले में डकैती तथा सामूहिक दुष्कर्म की तहरीर पुलिस को दी गई थी। इसमें महिला के पति ने 25 तोले सोना, दो किलोग्राम चांदी तथा डेढ़ लाख रुपये का लूट लेने का आरोप लगाया और पत्नी के साथ सामूहिक दुष्कर्म की बात कही। पांच लोगों पर घर में घुसकर लूटपाट सामूहिक दुष्कर्म का आरोप था। इसके बाद एसपी ने घटनास्थल पर दौरा किया था और थानाध्यक्ष को भी लाइन हाजिर कर दिया था। गुरुवार को डीआईजी मुनिराज जी ने भी पीड़िता से मामले की जानकारी लेकर पुलिस अधिकारियों को घटना के खुलासे के निर्देश दिए थे।
पीड़ित परिवार से मिले डीआईजी
बिजनौर : नगीना देहात थाना क्षेत्र में घटना की सूचना पर डीआईजी मुनिराज जी गुरुवार को पीड़ित परिवार के घर पहुंचे और घटना के संबंध में विस्तृत जानकारी ली। उन्होंने परिवार को इंसाफ दिलाने का आश्वासन दिया। डीआईजी के साथ पुलिस अधीक्षक नीरज जादौन, अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण राम अर्ज, क्षेत्राधिकारी संग्राम सिंह। सर्किल के सभी थानों के दरोगा तथा भारी संख्या में पुलिस बल मौजूद रहा।
ये भी पढ़ें:- बिजनौर: व्यापारी की पत्नी को बंधक बनाकर सामूहिक दुष्कर्म, लूटपाट के बाद सिगरेट से जलाकर किया प्रताड़ित
