बहराइच : महिला को गन्ने के खेत में खींच ले गया तेंदुआ, मिला क्षत विक्षत शव
नानपारा/ बहराइच, अमृत विचार। नानपारा रेंज में तेंदुए का हमला निरंतर जारी है। शुक्रवार शाम को खेत जा रही महिला को तेंदुआ गन्ने के खेत में खींच ले गया। ग्रामीणों के सर्च अभियान में महिला का शव क्षत विक्षत हालत में गन्ने के खेत से बरामद हुआ है। पुलिस मौके पर पहुंची है। हमले को लेकर ग्रामीणों में आक्रोश है।
बहराइच वन प्रभाग के नानपारा रेंज में बीते एक माह से अधिक समय से तेंदुआ आम लोगों को निवाला बन रहा है। तेंदुए को पकड़ने के लिए वन विभाग की ओर से पिंजरा लगाया गया है, लेकिन तेंदुआ पकड़ में नहीं आ रहा है। नानपारा रेंज के ग्राम पंचायत अरनवा के मजरा टेपरी निवासी कुंता देवी (33) पत्नी लेखपाल चौहान शुक्रवार शाम को खेत के लिए निकली थी। काफी देर बाद भी महिला घर वापस नहीं आई तो परिवार के लोगों ने गांव के लोगों के साथ खोजबीन शुरू की।
ग्रामीणों की खोजबीन में महिला का शव क्षत विक्षत हालत में गन्ने के खेत से बरामद हुआ। तेंदुआ के हमले की जानकारी होते ही गांव के लोगों में आक्रोश फैल गया सूचना पाकर प्रभारी निरीक्षक एसके सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। वनकर्मी भी पहुंच रहे हैं। डीएफओ संजय कुमार शर्मा ने बताया कि तेंदुआ के हमले में महिला के मौत की सूचना मिली है। घटनास्थल पर वह वन कर्मियों के साथ जा रहे हैं।
ये भी पढ़ें -अयोध्या : प्रो संतशरण मिश्र बनाए गए कुलानुशासक
