बरेली: सोशल मीडिया पर जारी किया गया उर्स ए रजवी का पोस्टर
बरेली, अमृत विचार। अगले माह होने वाले 102वां उर्स ए रजवी का पोस्टर सोशल मीडिया पर जारी कर दिया गया है। कोरोना माहमारी के चलते इस बार देश और विदेश में तीन रोजा उर्स की रस्म ऑनलाइन अदा की जाएगी। दरगाह की ओर से सभी मुरीद और जायरीनों को इस बार घर पर ही रहकर …
बरेली, अमृत विचार। अगले माह होने वाले 102वां उर्स ए रजवी का पोस्टर सोशल मीडिया पर जारी कर दिया गया है। कोरोना माहमारी के चलते इस बार देश और विदेश में तीन रोजा उर्स की रस्म ऑनलाइन अदा की जाएगी। दरगाह की ओर से सभी मुरीद और जायरीनों को इस बार घर पर ही रहकर उर्स मनाने की अपील की गई है। जिसके लिए सोशल मीडिया पर कार्यक्रम सुनने के लिए ऑडियो प्रसारण का लिंक भी जारी किया गया है।
सुन्नी मुसलमानों के सबसे बड़े रहनुमा इमाम अहमद रजा फाजिले बरेलवी (आला हजरत) का 102वां उर्स ए रजवी का आगाज 12 अक्टूबर को होगा। जमात रजा ए मुस्तफा की तरफ से मदरसा जामियातुर रजा और खानकाह ताजुशारिया में होने वाले उर्स ए रजवी का पोस्टर ऑनलाइन सोशल मीडिया पर जारी कर तीन दिन तक होने वाले कार्यक्रमों का भी एलान कर दिया गया है। सभी कार्यक्रम ताजुश्शरिया के सज्जादानशीन मुफ्ती मोहम्मद असजद रजा खां कादरी की सरपरस्ती और जमात के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एवं उर्स प्रभारी सलमान मियां की निगरानी में होंगे।
जमात के प्रवक्ता समरान खान ने बताया कि कोरोना माहमारी के चलते इस बार उर्स के कार्यक्रम बरेली सहित पूरे विश्व में ऑनलाइन होंगे। उर्स के पोस्टर सोशल मीडिया के मध्यम से मुरीदों और चाहने वालों को भेजा जा रहा है। इसके साथ ही लोगों से अपील की गई है कि लोग अपने घरों में रहकर ही उर्स की सभी रस्मे अदा करे। सोशल मीडिया पर जारी किए गए पोस्टर में उर्स के तीन दिन के होने वाले कार्यक्रम के लिए आडियो प्रसारण का लिंक भी जारी किया गया है।
तीन दिन ये होंगे कार्यक्रम
12 अक्टूबर- ताजुश्शरिया दरगाह पर फजर की नमाज के बाद कुरानख्वानी और नात ओ मनकबत के कार्यक्रम के बाद इब्राहीम रजा खां (जिलानी मियां) के कुल की रस्म सुबह 7 बजकर 10 मिनट पर अदा की जाएगी। रात में इशा की नमाज के बाद उलमा ए इकराम की तकरीर के बाद हामिद रजा खां (हामिद मियां) के कुल की रस्म 10 बजकर 35 मिनट पर अदा की जाएगी।
13 अक्टूबर- खानकाह ताजुश्शरिया और मदरसा जामियातुर रजा मथुरापुर में बाद नमाज ए फजर कुरानख्वानी और नात ओ मनकबत के कार्यक्रम होंगे। मगरिब की नमाज के बाद शाम को 7 बजकर 14 मिनट पर ताजुश्शरिया (अजहरी मियां) के कुल शरीफ की रस्म अदा की जाएगी। रात को बाद नमाज ए इशा इमाम अहमद रजा कान्फ्रेंस फिर देर रात को 1 बजकर 40 मिनट पर मुफ्ती आजम हिन्द (मुस्तफा रजा खां) की कुल शरीफ की रस्म अदा की जाएगी।
14 अक्टूबर- खानकाह ताजुश्शरिया व मदरसा जामियातुर रजा मथुरापुर में बाद नमाज ए फजर कुरानख्वानी और नात ओ मनकबत के बाद तकरीर के कार्यक्रम होंगे। दोपहर में 2 बजकर 38 मिनट पर इमाम अहमद रजा खां फाजिले बरेली (आला हजरत) के कुल की रस्म अदा की जाएगी। इसी के साथ तीन रोजा उर्स ए रजवी का समापन हो जाएगा।
