बहराइच: बिना लाइसेंस के खाद बिक्री करता मिला दुकानदार, दुकान सील, हड़कंप

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बहराइच, अमृत विचार। जिलाधिकारी के निर्देश पर कृषि विभाग के अधिकारियों की अलग-अलग टीम ने शनिवार को जनपद के छह तहसीलों में संचालित खाद के दुकानों पर छापेमारी की। नवाबगंज में बिना लाइसेंस के एक व्यक्ति काफी मात्रा में खाद और गेहूं के बीज का बिक्री करते मिला। जिस पर उसके दुकान को सील कर दिया गया है। खाद और बीज के बिक्री पर रोक लगा दी गई है। वहीं 6 खाद व्यवसाई अधिकारियों के पहुंचने पर दुकान बंद कर फरार हो गए। जिस पर उनके लाइसेंस को निलंबित कर दिया गया है।

जिले में रबी के फसलों की बुआई का समय चल रहा है। किसानों को बेहतर खाद और बीज मिले, इसके लिए जिलाधिकारी मोनिका रानी द्वारा खाद की दुकानों पर छापेमारी के निर्देश दिए गए। शनिवार को सदर तहसील में संचालित खाद की दुकानों पर उप कृषि निदेशक टीपी शाही, नानपारा और मिहींपुरवा में जिला कृषि अधिकारी सतीश कुमार पांडेय, पयागपुर में कृषि रक्षा अधिकारी प्रिया नंदा, कैसरगंज में अपर जिला कृषि अधिकारी ज्ञान प्रकाश श्रीवास्तव और महसी में भूमि संरक्षण अधिकारी सौरभ वर्मा की टीम ने खाद के दुकानों पर छापेमारी की।

जिला कृषि अधिकारी ने बताया कि कल 64 खाद के दुकानों पर छापेमारी की गई। 21 खाद के नमूना को जांच के लिए भेजा गया है। उन्होंने बताया कि नवाबगंज थाना क्षेत्र के तिवारी गांव में विनोद यादव बिना लाइसेंस के विभिन्न प्रकार के खाद और गेहूं के बीज बिक्री करते मिले। जिस पर उनके दुकान को सील कर दिया गया है। विभिन्न प्रकार के खाद और बीज की बिक्री पर रोक लगा दी गई है।

जिला कृषि अधिकारी ने बताया कि अधिकारियों के पहुंचने पर छह खाद व्यवसाई दुकान बंद कर फरार हो गए। इस पर उनके लाइसेंस निलंबित कर दिए गए हैं इनमें पटेल खाद भंडार हरिहरपुर, अबरार खान चरदा, धीरज जायसवाल खाद भंडार चरदा, अबरार खान भंडार जमोग, मिश्रा खाद भंडार और आरिफ खाद भंडार नवाबगंज शामिल है। इसके अलावा कमियां मिलने पर सरवर खाद भंडार, कलाम, इदरीस खान, पीएन चौधरी, पाठक ट्रेडर्स, गुप्ता फखरपुर और एग्री जंक्शन वन स्टॉप को नोटिस जारी कर जवाब मांगा गया है।

इतना मिला खाद

जिला कृषि अधिकारी सतीश कुमार पांडे ने बताया कि नवाबगंज के तिवारी गांव में विनोद यादव के दुकान पर 10 बोरी डीएपी, 10 बोरी एमओपी खाद, 10 बैग एनपीके, दो बैग यूरिया, दो बैग सिंगल सुपर फास्फेट, चार पैकेट ऊर्जा 5 पैकेट जिंक, गेहूं के बीज और जिप्सम बरामद हुआ है।

यह भी पढ़ें: बहराइच: कोल्हू मशीन में गन्ना लगाते समय बालक का हाथ कटा, गंभीर हालत में जिला अस्पताल किया गया रेफर

संबंधित समाचार