शाहजहांपुर: पत्नी की अश्लील वीडियो क्लिप बनाने पर की थी भाई ने हत्या
शाहजहांपुर, अमृत विचार। पुलिस ने शाहजहांपुर के सिंधौली थानाक्षेत्र के कटौल गांव में हुए छात्र हत्याकांड का खुलासा कर दिया है। पत्नी का अश्लील वीडियो बनाने पर बड़े भाई ने ही अपने छोटे भाई की गर्दन पर बांका मारकर हत्या कर दी थी। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। छोटे भाई के मोबाइल को …
शाहजहांपुर, अमृत विचार। पुलिस ने शाहजहांपुर के सिंधौली थानाक्षेत्र के कटौल गांव में हुए छात्र हत्याकांड का खुलासा कर दिया है। पत्नी का अश्लील वीडियो बनाने पर बड़े भाई ने ही अपने छोटे भाई की गर्दन पर बांका मारकर हत्या कर दी थी। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। छोटे भाई के मोबाइल को पुलिस खंगाल रही है।
गुरुवार रात सिंधौली क्षेत्र के गांव कटौल में हरवंश सिंह के बेटे परविंदर सिंह (21) की छत पर सोते समय गर्दन पर बांका मारकर हत्या कर दी थी। मामले में हरवंश सिंह की ओर से अज्ञात के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई गई थी। छत पर युवक की हत्या हो गई और किसी परिजन को भनक तक नहीं लगी। शक की सुई पहले से ही किसी नजदीकी के इर्दगिर्द घूम रही थी।
पुलिस ने मामले की जांच पड़ताल शुरू की। धीरे-धीरे हत्याकांड की परत दर परत खुलती गई। पुलिस ने परविंदर के बड़े भाई सुखविंदर को शक के आधार पर हिरासत में लेकर पूछताछ की। पुलिसिया पूछताछ में सुखविंदर टूट गया और उसने बताया कि छोटे भाई परविंदर ने उसकी पत्नी की नहाते समय वीडियो क्लिप बना ली थी। वह अवैध संबंध न बनाने पर पत्नी को वीडियो वायरल करने की धमकी दे रहा था। जब उसकी पत्नी ने उसे यह बात बताई तो उसका खून खौल उठा। उसने परविंदर से कुछ पूछा भी नहीं और छत पर सोते समय गर्दन पर बांका मारकर हत्या कर दी।
किसी को शक न हो इसलिए हत्या करने के बाद बांका पास की गली में फेंक दिया और घर के अंदर सोने चला गया। उसने परविंदर का मोबाइल घटना के बाद उठा लिया था, लेकिन उसमे पैटर्न लॉक लगा होने की वजह से खोल नहीं पाया। पुलिस ने उसकी निशानदेही पर मोबाइल बरामद कर लिया है। पुलिस ने भी लॉक से छेड़छाड़ नहीं की है। किसी आईटी एक्सपर्ट की मदद से मोबाइल लॉक खुलवाया जाएगा।
युवक ने अपनी भाभी का नहाते समय वीडियो बना लिया था। वह ब्लैकमेल करके अपनी भाभी से अवैध संबंध बनाना चाहता था। इसकी जानकारी होने पर उसके बड़े भाई ने ही उसकी हत्या कर दी। -एस आनंद, पुलिस अधीक्षक।
