प्रतापगढ़: शव के अंतिम संस्कार से इनकार पर पुलिस से झड़प, फटकारी लाठी, जानें पूरा मामला
अफसरों के मान मनौवल व छह आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद माने परिजन
जेठवारा, प्रतापगढ़। किराना व्यवसायी के बेटे की हत्या के बाद बुधवार को परिजनों ने शव का अंतिम संस्कार करने से इनकार कर दिया। शव हटाने को लेकर पुलिस व परिजनों में झड़प हो गई। इसके बाद पुलिस ने लाठी फटकार कर भीड़ को नियंत्रित किया। छह आरोपियों की गिरफ्तारी व मांग पत्र पर अफसरों के आश्वासन पर परिजन गुरुवार को अंतिम संस्कार करने पर तैयार हुए।
जेठवारा थाना क्षेत्र के गोपालापुर गांव निवासी पारस नाथ जायसवाल के बेटे दिलीप जायसवाल (28 वर्ष) की हत्या के मामले में मंगलवार को भाई की तहरीर पर पुलिस ने आठ नामजद व दो अज्ञात के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया है। बुधवार को पुलिस द्वारा मांग पत्र लेने के पहले ही शव को हटाने का दबाव डालने पर परिजन व भीड़ में शामिल लोग पुलिस से भिड़ गए।

परिजन आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग करते हुए शव का अंतिम संस्कार करने से इनकार कर दिए। आक्रोश देख जेठवारा इंस्पेक्टर अभिषेक सिरोही, बाघराय एसओ संजय पांडेय मौके पर पहुंचे। पीड़ित परिवार जेठवारा इंस्पेक्टर को देखकर आक्रोशित हो गए। आरोप लगाया कि इनके रहते न्याय नहीं मिल सकता। इंस्पेक्टर से मृतक के परिजनों से तीखी झड़प हुई।बहस बढ़ती देख इंस्पेक्टर पीछे हट गए।
दोपहर में सीओ सदर अमरनाथ गुप्ता, थानाध्यक्ष लीलापुर, महेशगंज समेत भारी पुलिस मौके पर पहुंचा। समझाने के बाद भी आक्रोशित व्यापारी के परिजन व ग्रामीण हांथ में डंडा, ईंट - पत्थर लेकर डटे रहे। दिलीप का शव उठाकर सड़क पर ले जाने लगे तो पुलिस ने मना कर दिया। भीड़ को नियंत्रित करने को पुलिस ने लाठी फटकारी।

इसके बाद पुलिस शव लेकर व्यवसायी के घर पहुंची। परिजनों ने एसडीएम सदर उदयभान सिंह को मांग पत्र सौंपा। जिसमें आरोपियों की गिरफ्तारी,जमीन का पट्टा, आर्थिक सहायता समेत मांग शामिल रही। सीओ सदर अमरनाथ गुप्ता ने परिजनों को बताया कि छह आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है। एसडीएम सदर उदयभान सिंह ने मांगो को पूरा करने का आश्वासन दिया। इसके बाद परिजन गुरुवार को शव का अंतिम संस्कार करने को तैयार हुए।
साहब एसओ जेठवारा नहीं करेंगे न्याय
व्यवसायी के बेटे की हत्या के बाद उसके परिजन और आक्रोशित ग्रामीण शव रखकर प्रदर्शन बुधवार को प्रदर्शन कर रहे थे। परिजनों ने अफसरों से कहा कि साहब जब तक जेठवारा थानाध्यक्ष अभिषेक सिरोही रहेंगे न्याय नहीं मिलेगा। परिजनों ने मांगपत्र में वर्तमान थानाध्यक्ष को तत्काल हटाये जाने की मांग की। कहा कि एसओ जेठवारा के रहते न्याय नहीं मिलेगा।
यह भी पढ़ें:-हरदोई: हलाल प्रोडक्ट की तलाश में दुकानों पर पहुंची जांच टीम, दुकानदारों में मचा हड़कंप
