मुरादाबाद : टीम के सवालों का जवाब नहीं दे पाईं स्टाफ नर्स, सफाई व्यवस्था में सुधार के दिए निर्देश
निरीक्षण: आपरेशन कायाकल्प की टीम ने जिला अस्पताल में निरीक्षण के दौरान सफाई में कमी पर नाराजगी जताई
मुरादाबाद,अमृत विचार। आपरेशन कायाकल्प की तीन सदस्यीय टीम ने बुधवार को पं. दीनदयाल उपाध्याय जिला अस्पताल में मानकों का आंकलन निरीक्षण के दौरान किया। टीम ने सुविधाओं व संसाधनों के बारे में जानकारी ली। वार्डों में मरीजों को मिलने वाली सुविधाओं को देखा। नर्सिंग स्टाफ से भी पूछताछ की। कई नर्स टीम के सदस्यों द्वारा पूछे गए सवालों का जवाब नहीं दे पाईं। टीम ने सफाई व्यवस्था में कमी पर नाराजगी जताकर सुधार कराने के निर्देश दिए।
आपरेशन कायाकल्प की तीन सदस्यीय टीम में शाहजहांपुर के डॉ. तौकीर, बिजनौर से डाॅ. अनुज भारद्वाज, सिकंदराबाद से डाॅ. गजाला आफरीन शामिल थे। तीनों ने जिला अस्पताल में व्यवस्थाओं, फाइलों के रखरखाव व संसाधनों आदि का आंकलन किया। इसके बाद इमरजेंसी के ओटी, पैथाेलॉजी, इनडोर वार्ड, ओपीडी में पहुंचकर मरीजों को मिलने वाली सुविधाओं को भी देखा। इस बीच स्टाफ नर्स से स्वास्थ्य से संबंधित जानकारी पूछी तो वह बता नहीं पाईं। टीम ने सफाई व्यवस्था पर नाराजगी जताई। इस बीच सफाईकर्मियों से प्रशिक्षण आदि की जानकारी की।
तीमारदार ने की शिकायत
तीमारदार मो. इरफान ने टीम से शिकायत की। बताया कि उसके बेटे के पैर में दर्द था। हड्डी रोग विशेषज्ञ ने एक्सरे लिखा। तीन घंटे से वह परेशान था। स्वास्थ्यकर्मी उसको इधर- उधर भेज रहे थे। मरीज व उनके परिजनों से इस तरह के व्यवहार पर टीम ने नाराजगी जताई। उनके कहने पर तत्काल एक्सरे कराया गया।
एक तरफ निरीक्षण तो दूसरी ओर सफाई होती जारी
जिला अस्पताल में कायाकल्प की टीम एक तरफ निरीक्षण कर रही थी तो दूसरी ओर कर्मी सफाई करने में जुटे थे। बेहतर ग्रेड पाने में गंदगी मिलने पर नंबर कम न मिल जाए इसको लेकर टीम के सामने भी सफाई कर्मी ड्यूटी में जुटे थे।
इन बिंदुओं की हुई जांच
कायाकल्प की टीम ने साफ-सफाई, पानी-बिजली, अग्निशमन यंत्र, कचरा प्रबंधन की व्यवस्था, शौचालय और मरीजों से व्यवहार आदि का फीडबैक लिया। दवा वितरण कक्ष, पर्चा काउंटर और मरीजों को बाहर से दवा तो नहीं लिखी जा रही है, इन सभी बिंदुओं की भी जानकारी ली।
यह है व्यवस्था और राशि
टीम के सत्यापन में यदि अस्पताल को 70 फीसदी से अधिक अंक मिले तो अस्पताल के बजट और संसाधनों में बढ़ोतरी होगी। इसके साथ ही 3-10 लाख रुपये प्रोत्साहन के रूप में मिलेंगे। वहीं व्यवस्था शत प्रतिशत मानक पर खरा मिलने पर 50 लाख रुपये दिए जाएंगे।
कायाकल्प की तीन सदस्यीय टीम ने निरीक्षण किया है। उनके निरीक्षण में बिंदुवार कितने अंक मिले हैं इसकी जानकारी मार्च तक कायाकल्प अवार्ड की लिस्ट जारी होने पर मिलेगी। जिला अस्पताल में व्यवस्था बेहतर की गई हैं जिससे अच्छा ग्रेड मिलने की उम्मीद है। -डॉ. संगीता गुप्ता, प्रमुख अधीक्षक, जिला अस्पताल
ये भी पढ़ें : मुरादाबाद : खोजे जाएंगे सक्रिय क्षयरोगी, 5 दिसंबर तक चलेगा अभियान
