Hamirpur Accident: रोडवेज बस की भिड़ंत में बाइक सवार युवक की मौत, महिला समेत दो घायल
हमीरपुर में रोडवेज बस की भिड़ंत में बाइक सवार युवक की मौत।
हमीरपुर में रोडवेज बस की भिड़ंत में बाइक सवार युवक की मौत हो गई। हादसे में महिला समेत दो घायल हो गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया।
हमीरपुर, अमृत विचार। राठ महोबा मार्ग पर कैथा गांव के पास एक बाइक और रोडवेज बस की आमने सामने टक्कर हो गई। हादसे में बाइक चला रहे एक युवक की मौत हो गई । बाइक पर एक युवक और एक महिला गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया है।
घटना को लेकर ग्रामीणों में आक्रोश पनप उठा और कैथा गांव के पास सैकड़ो की तादाद में ग्रामीणों ने सड़क पर जाम लगा दिया। सूचना पर पहुंची कोतवाली पुलिस ने किसी तरह जाम खुलवाया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
जनपद महोबा के पनवाड़ी थाने के मसूरपुरा गांव निवासी बाबूलाल 18 वर्षीय पुत्र राहुल अपनी चचेरी बहन पिंकी को लिवाने मझगवां थाने के सिकरौधा गांव गया था। गुरुवार की दोपहर बाद राहुल पिंकी को लिवाकर वापस अपने गांव लौट रहा था। करीब चार बजे राहुल जब राठ महोबा स्थित मार्ग पर बसेला गांव के पास पहुंचा तो वहां पर खड़े अपने एक दूर के रिश्तेदार मथुरा प्रसाद पुत्र हरनारायण निवासी पहाड़ीगढी को बाइक पर बैठा लिया।
राहुल जैसे ही कैथा गांव के पास पहुंचा तभी झांसी से राठ आ रही रोडवेज की बस से सीधी भिड़ंत हो गई। मौके पर ही राहुल की मौत हो गई। बाइक पर सवार मथुरा प्रसाद और पिंकी गंभीर रूप से घायल हो गए। युवक की मौत से आक्रोशित ग्रामीणों ने राठ महोबा मार्ग को जाम कर दिया। जाम करीब एक घंटे तक लग रहा।
सूचना पर पहुंचे कोतवाल विनोद कुमार और पुलिस ने लोगों को समझा बूझकर जाम खुलवाया। घायलों को इलाज के लिए सीएससी में भर्ती कराया गया है। जहां से गंभीर हालत होने पर चिकित्सकों ने मथुरा और पिंकी को झांसी रेफर कर दिया। युवक की मौत पर परिजनों में कोहराम मचा हुआ था। पुलिस ने रोडवेज बस के चालक हकीम को हिरासत में ले लिया है।
ये भी पढ़ें- UP: बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री कल आएंगे कानपुर, यहां जानें- कार्यक्रम की पल-पल की अपडेट
