बरेली: नए साल में 30 करोड़ से नई सड़कों का निर्माण होगा शुरू
सेंट फ्रांसिस स्कूल के सामने से गुप्ता वाच सेंटर तक बनेगी गड्ढेदार सड़क, अस्सी लाख से फूटा दरवाजा से वसीम बरेलवी के मकान होते हुए आगे तक बनेगी सड़क
बरेली, अमृत विचार : नए साल की शुरुआत में शहर की सड़कें गड्ढामुक्त हो जाएंगी। नगर निगम करीब 30 करोड़ की लागत से सड़कें बनाएगा। इसकी कवायद शुरू हो गई है। जल्द ही टेंडर जारी किए जाएंगे। 15वें वित्त के कार्याें के लिए मेयर डाॅ. उमेश गौतम की अध्यक्षता में बनी कमेटी की बैठक के बाद कई सड़कों को बनाने का रास्ता साफ हुआ है। कमेटी में डीएम, वीसी बीडीए, नगर आयुक्त और पीडब्लूडी के अधीक्षण अभियंता शामिल हैं।
इसके तहत शहर में कई वार्डाें में गड्ढेदार सड़कों, लिंक मार्ग, नालियों का निर्माण कार्य कराया जाएगा। शहर में जो सड़कें बनाई जाएंगी उनमें माॅडल टाउन सेंट फ्रांसिस स्कूल के सामने वाली गड्ढेदार सड़क के साथ साथ स्वालेनगर में एक करोड़ से ज्यादा की लागत से 10 सड़कों और लिंक मार्गों और नालियों का निर्माण कार्य कराया जाएगा। रोहिलखंड मेडिकल कॉलेज एवं हॉस्पिटल के सामने 19 लाख 90 हजार की लागत से हाॅटमिक्स की सड़क निर्माण किया जाएगा। इसके अलावा भी अन्य सड़कें शामिल हैं।
यह सड़कें और लिंक मार्ग बनेंगे: वार्ड-1 बिहारीपुर में 75 लाख से सिटी सब्जी मंडी से कमल पान की दुकान तक आरसीसी नाली और वाल्मिकी मंदिर के सामने चन्द्र प्रकाश आर्य के मकान से सुरेन्द्र के मकान तक नाली व सीसी सड़क निर्माण कार्य, वार्ड- 3 में एक करोड़ 28 लाख की लागत से वीरसावरकर नगर गेट नंबर 1 के अंदर जगदीश सिंह के मकान से गोलू जनरल स्टोर तक हाॅटमिक्स से सड़क निर्माण,
दीपक किराना स्टोर से पुष्प विला सहित पांच सड़कों का निर्माण, वार्ड-5 में 56 लाख की लागत से नेकपुर मढ़ीनाथ में दिवाकर शर्मा के मकान से स्कूल सहित छह सड़कें, वार्ड-6 नवादा शेखान में 60 लाख से छोटी चांद मस्जिद से अब्दुल के मकान होते हुए फहीम और पकड़िया नाथ नाली और सीसी सड़क निर्माण सहित छह सड़कों का निर्माण, वार्ड-8 माॅडल टाॅउन में 31 लाख से सेंट फ्रांसिस स्कूल के सामने से गुप्ता वाच हाउस तक हाॅटमिक्स सड़क बनाई जाएगी।
इसके अलावा वार्ड 16 संजय नगर में 58 लाख से गुरुद्वारे के पीछे कलुआ की मठिया से संजय गुप्ता के मकान तक नाली व सीसी सड़क निर्माण कार्य, वार्ड 17 में एक करोड़ 10 लाख से अग्रसेन नगर में रेखा सिंह के मकान से गौरव पटेल के मकान तक नाली व सीसी टाइल्स व सड़क निर्माण कार्य और पवन विहार गेट से कब्रिस्तान तक हाॅटमिक्स सड़क व
नाली निर्माण कार्य, वार्ड 65 में एक करोड़ 44 लाख की लागत से सम्राट अशोक नगर में नाली व सड़क निर्माण कार्य, वार्ड 38 खन्नू मोहल्ला में 80 लाख से फूटा दरवाजा से वसीम बरेलवी के मकान होते हुए परचूनी की दुकान तक सीसी सड़क व नाली निर्माण व अन्य जगहों पर मरम्मत का काम कराया जाएगा।
वार्ड 24 मौलानगर में 81 लाख से जीआरएम स्कूल के आगे जाने वाले रास्ते से कामधेनु गौशाला होते हुए एनके सक्सेना के मकान तक सड़क निर्माण कार्य कराया जाएगा। वार्ड 29 रहपुरा चौधरी बसंत विहार में 63 लाख से रवि गंगवार के मकान से शांति प्राेविजन स्टोर तक नाली व सीसी रोड, वार्ड 47 किला छावनी में 85 लाख से ओम मेडिकल स्टोर से होली चौराहा
तथा लिंक गलियों में नाली सीसी सड़क व टाइल्स पटरी का निर्माण कार्य, वार्ड 48 दुर्गानगर में एक करोड़ 40 लाख से नाली व सीसी रोड का निर्माण, वार्ड 54 में 43 लाख से धर्मदत्त सिटी अस्पताल से एमबी इंटर कॉलेज तक हाॅटमिक्स से सड़क बनाई जाएगी। वार्ड 60 शहदाना में 37 लाख की लागत से मोर बिल्डिंग से गंगापुर चौराहे तक नाली निर्माण व हाॅटमिक्स प्लांट सड़क निर्माण कराया जाएगा। वार्ड 67 में 11 लाख से नरेन्द्र विहार कालोनी में नाली व सीसी सड़क निर्माण होगा। इसके अलावा अन्य सड़कें भी शामिल हैं।
नगर आयुक्त निधि गुप्ता वत्स ने बताया कि शहर में कई जगहों पर विकास कार्य कराए जा रहे हैं। लगभग 30 करोड़ के कार्यों के लिए एक दो दिन में टेंडर हो जाएंगे। नए साल में शहर की जनता को सुविधा देने वाले कई कार्य भी होते दिखेंगे।
ये भी पढ़ें - बरेली: यूटा ने डिजिटलाइजेशन का किया विरोध, जिले में चलाया जाएगा पोस्टकार्ड अभियान
