मुरादाबाद : भरी पंचायत में प्रधान के सामने ही दबंग ने विपक्षी को मारा, तोड़ डाला दांत
मुरादाबाद। एक-दूसरे के झगड़े को निपटाने के लिए कटघर में प्रधान शबाना के घर उनके पति जलालुद्दीन दोनों पक्षों की पंचायत करा रहे थे। इसी में दबंगों ने पंचों की न सुनकर विपक्षी रईस अहमद को मारना शुरू कर दिया। मारपीट में एक-दूसरे पर कुर्सियां भी फेंकी गईं। इस विवाद के बीच कई पंच भी पंचायत छोड़कर निकल गए। मारपीट में रईस के जबड़े में चोट आई और उनका दांत भी टूट गया है। कुर्सियां भी टूटी हैं। यह वाकया गुरुवार सुबह का बताया जा रहा है।
इस मामले में पीड़ित रईस ने चार के विरुद्ध मूंढापांडे थाने में तहरीर भी दी है। इसमें अहमद जान उर्फ गेंदा व तीन बेटे नक्शे अली, कलुआ व आस मोहम्मद नामजद हुए हैं। रईस अहमद ने बताया कि तीन-चार दिन पहले उनकी आपसी मजाक में अहमद जान उर्फ गेंदा से कहासुनी हुई थी। फिर उन्होंने अहमद जान से माफी भी मांग ली थी, सब कुछ शांत हो गया था लेकिन, गुरुवार को प्रधान शबाना के पति जलालुद्दीन ने उन्हें समझौता कराने को अपने घर बुलाया तो उन्होंने बताया भी था कि अहमद जान से उनका मामला निपट गया है।
लेकिन, फिर भी जलालुद्दीन के दबाव पर रईस अहमद उनके घर पंचायत में गया था। रईस का कहना है कि वह पंचायत में अपने घर से अकेला था, जबकि अहमद जान व उसके तीन बेटे वहां मौजूद थे। इसमें उनका बेटा नक्शे अली रईस अहमद को गालियां देने लगा और जब रईस ने विरोध किया तो पिता-पुत्र सब मिलकर से पीटने लगे। इन लोगों के पास डंडे भी थे। मारपीट में प्रधान शबाना के पति जमालुद्दीन के हाथ पर भी डंडा लगा है।
मजाक में हुई कहासुनी के बाद पंचायत में मारपीट
जलालुद्दीन ने बताया कि कुछ दिन पहले रईस अहमद व अहमद जान के बीच मजाक में विवाद हुआ था तो रईस ने अहमद जान के लिपट गया और उन्हें धक्का देकर गिरा दिया था तो अहमद ने रईस के दो-तीन थप्पड़ भी मारे थे। इसी झगड़े को शांत कराने के लिए वह पंचायत बुलाए थे। उन्होंने बताया कि मारपीट में उनकी दो-तीन कुर्सियां भी टूट गई हैं। जलालुद्दीन ने बताया कि पंचायत में अधिक भीड़ नहीं थी, केवल सात-आठ लोग मौजूद थे। फिलहाल नामजद अभियुक्तों को पुलिस अभी गिरफ्तार नहीं कर पाई है। मारपीट में घायल हुए रईस अहमद शुक्रवार दोपहर 12 बजे जिला अस्पताल में मेडिकल परीक्षण कराने पहुंचे हैं। इनके बेटे रसीद अहमद ने बताया कि उसके पिता के हाथ, नाक पर और दोनों आंख के पास चोट है। सीने पर डंडा लगने से चोट आई है।
प्रधान ने रईस को पिटवा दिया
मूंढापांडे थानाध्यक्ष कमलेश कांत वर्मा ने बताया कि ककरघटा में प्रधान के पति जलालुद्दीन ने अपने घर दोनों पक्षों को समझौता को बुलाया और फिर उसी में एक पक्ष के रईस अहमद को पिटवा दिया। मारपीट में रईस का दांत भी टूट गया। इस मामले में आरोपियों को गिरफ्तार करने को दबिश दी जा रही है।
ये भी पढ़ें : मुरादाबाद : ...मैं रामगंगा, मेरे पवित्र आंचल को गंदा न करो बच्चों
