खुलासा : शाइस्ता पर नफीस था मेहरबान, लाखों की मदद कर भेजा गुजरात
प्रयागराज, अमृत विचार। नफीस बिरयानी ने पकड़े जाने के बाद पूछताछ में पुलिस से कई सनसनीखेज खुलासे किये हैं। पुलिस के मुताबिक नफीस हर महीने अतीक की पत्नी शाइस्ता को 25 से 30 लाख रुपये पहुंचता था। अतीक के गुजरात जेल जाने के बाद परिवार, गैंग के अन्य लोगों को हवाई जहाज से गुजरात ले जाने और उन्हें फाइव स्टार होटल में भी रुकने की व्यवस्था भी करता था।
उमेश पाल हत्याकाण्ड के बाद से नफीस की तलाश पुलिस कर रही थी। बुधवार को एनकाउंटर में गिरफ्तार किये जाने के बाद उसको अस्पताल में कड़ी सुरक्षा में रखा गया है। पुलिस नफीस से लगातार पूछताछ कर रही है। पुलिस को नफीस के पैसों से अब तक शाइस्ता और उसके दोनों नाबालिग बेटों के चार बार गुजरात जाने की पुख्ता सबूत मिले है। अंतिम बार नफीस इसी साल जनवरी में परिवार को साबरमती जेल गया था। उसने अतीक गैंग के कुछ लोगों के साथ कुछ सफेदपोशों के भी नाम बताए हैं, जिनका अभी खुलासा नही किया गया है। जो अतीक को सपोर्ट करते थे।
डीपी नगर दीपक भूखर ने बताया कि एनकाउंटर में पकड़े गए नफीस बिरयानी ने बताया कि अतीक अहमद की जेल जाने के बाद का शाइस्ता परवीन और उसके परिवार की पैसों से मदद करता था। यहां तक की गुजरात जेल ले जाने के लिए भी बहुत सारी व्यवस्थाएं उसने ही की थीं।
नफीस को बुधवार की रात मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया था। अस्पताल ले जाने तक उससे पूछताछ में पता चला है कि वह अतीक के परिवार और गैंग के लिए फाइनेंसर बना था। वह बिरयानी के कारोबार के अलावा अतीक के नाम पर विवादित प्रापर्टी डीलिंग व विवादों को सुलझाने के नाम पर भी लोगों से पैसे लेता था और उनके गुर्गों का भी ध्यान रखता था।
नफीस के मुताबिक वह अतीक के परिवार को कई बार गुजरात ले गया था। वहां अतीक का परिवार कई-कई दिन तक फाइव स्टार होटल में रुका था। अहमदाबाद में अतीक के कई गुर्गे है। उनका खर्च भी नफीस बिरयानी ही उठाता था। पुलिस को पूछताछ में चार बार के हवाई टिकटों के बारे में सुबूत मिले हैं। नफीस ने कई लोगों के नाम बताए हैं, जो अतीक के परिवार और गैंग को पैसे देते थे।
नफीस के बैंक खातों व ट्रांजेक्शन की जांच शुरु
नफीस के बैंक खातों व ट्रांजेक्शन की भी जांच की गयी है। पुलिस के पास मिले पुख्ता सुबूत से नफीस अतीक गैंग के लिए फाइनेंसर का काम करने का प्रमाण साबित हो चुका है। उसके बैंक खातों और पिछले कुछ वर्षों के ट्रांजेक्शन और नजदीकी रिश्तेदारों के खातों और ट्रांजेक्शन की भी जांच की जा रही है।
साथी का नाम का होगा खुलासा
नवाबगंज के आनापुर में मुठभेड़ के दौरान नफीस का साथी मौके से भाग निकला था। उसने भी पुलिस पर फायरिंग की थीं। उसके अज्ञात साथी पर नवाबगंज में एफआईआर दर्ज कर ली गई है। पुलिस उसकी तलाश कर रही है। नफीस से भी साथी के बारे में पूछताछ की गई। पुलिस सूत्रों के मुताबिक जल्द नफीस के साथी का नाम का खुलासा होगा।
ये भी पढ़ें -अतीक के गुर्गों ने 30 करोड़ की जमीन फर्जीवाड़ा कर हड़पी, जांच शुरू
