अयोध्या : शबद-कीर्तन के साथ निकली शोभायात्रा, पंच-प्यारों पर हुई पुष्प वर्षा
अयोध्या, अमृत विचार। श्री गुरुनानक देव के प्रकाश पर्व पर शनिवार नगर में शबद-कीर्तन और अरदास के साथ निकली शोभायात्रा में पंच - प्यारों पर जहां फूल बरसे वहीं अमृतसर पंजाब से आए कलाकारों का अद्भुत प्रदर्शन आकर्षण का केंद्र बना रहा।
गुरुनानकपुरा गुरुद्वारे से निकली शोभायात्रा चौक, बजाजा, फतेहगंज आदि से होते हुए देर शाम पुन: गुरुद्वारे पहुंची। भारी संख्या में महिलाओं और बच्चों के साथ अमृतसर से आए सिख करतबी के पांच जत्थों ने भागड़ा, ढोल नृत्य समेत विभिन्न हैरतअंगेज करतब दिखाए जिसे देख लोगों ने दांतों तले उंगली दबा ली। पंच - प्यारों की अगुवाई में निकली शोभायात्रा में फूलों से सजी गुरु ग्रंथ साहिब की पालकी की आरती की गई। सिख समुदाय की महिलाओं द्वारा सुमधुर अरदास के बोल लोगों के कानों में मिश्री घोलते रहे।
गुरुनानकपुरा गुरुद्वारे की अध्यक्ष जसवीर सिंह सेठी ने बताया कि 27 नवम्बर को गुरुद्वारे में जन्मोत्सव समारोह होगा जहां पंजाब के दो रागी जत्थों द्वारा शबद-कीर्तन किया जाएगा। सचिव गुरुचरन सिंह व कोषाध्यक्ष भगवान सिंह ने शोभायात्रा के संचालन का निर्वहन किया। वहीं केन्द्रीय दुर्गा पूजा एवं रामलीला समिति के केन्द्रीय कार्यालय पर अध्यक्ष मनोज जायसवाल द्वारा स्वागत किया गया। पंच - प्यारों का माल्यार्पण कर पुष्प वर्षा की गई। गगन जायसवाल, प्रेमनाथ राय, सुप्रीत कपूर, अखिलेश पाठक, अतुल सिंह, विवेक साहू, अवधेश अग्रहरि, डॉ अखिलेश वैश्य, अंजनी पाण्डेय मौजूद रहे।
ये भी पढ़ें -संत मीराबाई के नाम पर जारी डाक टिकट की प्रयागराज में बिक्री शुरू
