कानपुर: सिपाही ने सगाई वाले दिन तोड़ा रिश्ता, दुष्कर्म का आरोप
दहेज की मांग पूरी न होने पर कदम उठाने का आरोप
कानपुर, अमृत विचार। चकेरी थानाक्षेत्र में एक युवती ने अतिरिक्त दहेज की मांग पूरी न होने पर सगाई वाले दिन रिश्ता तोड़ने का मामला सामने आया। इस दौरान युवती के परिजनों ने युवक की बहन के वैवाहिक कार्यक्रम में पहुंचकर हंगामा किया। जिसके बाद पीड़ित परिवार ने सिपाही पर शादी का झांसा देकर दुष्कर्म करने का आरोप लगाकर पुलिस से शिकायत की।
हालांकि मामला फतेहपुर का होने के कारण पुलिस ने पीड़ित परिवार को वहां जाकर शिकायत करने की बात बोली है। फतेहपुर निवासी युवती के पिता ने बताया उन्होंने फतेहपुर में रहने वाले यूपी पुलिस के कांस्टेबल से बेटी की शादी तय की थी। वह युवक वर्तमान में जालौन के एक थाने में तैनात है। शादी तय होने के बाद युवक का घर आने जाने लगा।
आरोप है कि बीती 22 नवंबर को वह लोग सगाई की खरीददारी करने बाजार गए थे। तभी युवक ने आकर बेटी के साथ दुष्कर्म किया। आरोप है कि शनिवार को चकेरी के पटेल नगर स्थित एक गेस्ट हाउस में उनकी बेटी की सगाई और आरोपी पुलिसकर्मी की बहन की शादी थी।
लेकिन आरोपी पुलिस कर्मी ने दहेज की मांग पूरी नहीं होने पर उनकी बेटी से रिश्ता तोड़ दिया। जिसके बाद युवती के घरवालों ने जमकर हंगामा किया। मौके पर पहुंची पुलिस दोनों पक्षों को थाने ले गई। इस संबंध में थाना प्रभारी अशोक कुमार दुबे ने बताया कि पूछताछ में सामने आया है कि सिपाही पहले की रिश्ता तोड़ चुका है। शनिवार को गेस्ट हाउस में सिपाही की बहन की शादी थी। तभी युवती के परिजनों ने हंगामा किया है। मामला फतेहपुर का होने के कारण उन्हें वहां मुकदमा दर्ज कराने के लिए कह दिया गया है।
यह भी पढ़ें:-यूपी कांग्रेस कमेटी की नई कार्य समिति का हुआ एलान, देखें सूची
