अपने संविधान के कारण ही विपरीत परिस्थितियों से बाहर निकला भारत: मेघवाल 

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

नई दिल्ली। केंद्रीय कानून मंत्री अर्जुन राम मेघवाल ने रविवार को कहा कि भारत लोकतंत्र को इसलिए मजबूत करने में सक्षम रहा, क्योंकि न्यायपालिका और सरकारों ने अपना काम किया है। मेघवाल ने यह भी कहा कि भारत ने अपने संविधान के कारण अपने पड़ोसियों से बेहतर प्रदर्शन किया है।

उन्होंने संविधान को सजीव दस्तावेज बताया। केंद्रीय मंत्री ने ‘संविधान दिवस’ के अवसर पर आयोजित एक कार्यक्रम में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू और प्रधान न्यायाधीश डी वाई चंद्रचूड़ की उपस्थिति में कहा कि देश अपने संविधान के कारण ही प्रतिकूल परिस्थितियों से बाहर आने में सफल रहा है।

उन्होंने कहा, "हमारे आसपास के देशों को आजादी मिली- पाकिस्तान को हमारे साथ आजादी मिली; श्रीलंका को हमसे पहले आजादी मिली, लेकिन वहां अशांति थी, नेपाल में अशांति थी, म्यांमार में अशांति थी।" उन्होंने कहा कि बांग्लादेश को भी समस्याओं का सामना करना पड़ा।

उन्होंने कहा, ‘‘हमारे सही दिशा में बढ़ने का केवल एक प्रमुख कारण यह रहा कि हमारे पास सजीव दस्तावेज ‘संविधान’ था।’’ केंद्रीय मंत्री ने कहा कि संविधान के कारण ही भारत कई विपरीत परिस्थितियों से बाहर आया। उन्होंने कहा, "हम विभिन्न प्रतिकूल परिस्थितियों से बाहर आए।

कई परिस्थितियां आईं जब सवाल उठाए गए कि क्या हम असंतुलित हो जाएंगे। लेकिन ऐसा नहीं हुआ और इसका एकमात्र बड़ा कारण भारतीय संविधान है।" संविधान सभा द्वारा 26 नवंबर 1949 में भारत के संविधान को अंगीकार करने के उपलक्ष्य में 2015 से इस दिन को ‘संविधान दिवस’ के रूप में मनाया जाता है। इससे पहले, इस दिन को कानून दिवस के रूप में मनाया जाता था।

ये भी पढ़ें - MP: अवैध रूप से रेत खनन कर ले जा रही ट्रैक्टर-ट्रौली ने पटवारी को कुचला, मौत

संबंधित समाचार