जदयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष ललन सिंह ने कहा- भाजपा को देश के विकास में कोई रुचि नहीं

Amrit Vichar Network
Published By Om Parkash chaubey
On

पटना। जनता दल यूनाइटेड (जदयू) के राष्ट्रीय अध्यक्ष राजीव रंजन सिंह उर्फ ललन सिंह ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर हमला बोला और कहा कि भाजपा को देश के विकास में कोई रुचि नहीं है। सिंह ने सोमवार को यहां पत्रकारों से बातचीत के दौरान कहा कि देश के विकास में भाजपा की कोई रुचि नहीं है। देश को चलाने और जुमलेबाजी करने में काफ़ी अंतर है। देश चलाने के लिए गंभीरता से सोचना पड़ता है।

ये भी पढ़ें - कोर्ट ने कर्नाटक के उपमुख्यमंत्री शिवकुमार को विदेश यात्रा की दी अनुमति 

उसके लिए नीति बनानी पड़ती है। उन्होंने कहा कि नौ सालों से केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार ने सिर्फ जुमलेबाजी की है। केंद्र सरकार की सारी योजनाएं धरातल पर विफल हुई है। जदयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने भाजपा की ओर से पटना के बापू सभागार में आयोजित झलकारी बाई जयंती समारोह पर चुटकी लेते हुए कहा कि कार्यक्रम में मंच पर भाजपा के जितने नेता मौजूद थे उतने ही दर्शकदीर्घा में श्रोता भी मौजूद थे।

उन्होंने केंद्रीय गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय के जदयू में टूट के बयान पर कहा कि कार्यक्रम की विफलता से जनता का ध्यान भटकाने के लिए श्री राय अनर्गल और विवादास्पद बयान दे रहे थे। हकीकत में वह एक हवाहवाई नेता हैं। उनकी बातों पर गंभीरता से तवज्जों देने की कोई जरूरत नहीं है। तीन दिसबंर को विधानसभा चुनावों के परिणाम आने वाले हैं, उसमें सब स्पष्ट हो जायेगा कि किसकी कितनी लोकप्रियता है।

 सिंह ने भाजपा को आरक्षण विरोधी बताया और कहा कि बिहार सरकार ने जातीय गणना के बाद जनसंख्या की भागीदारी के अनुरूप आरक्षण के दायरे को बढ़ाने का निर्णय लिया है। उन्होंने कहा कि ग़रीब सवर्णों को 10 फीसदी आरक्षण देने के बाद 50 फ़ीसदी वाली सीमा शर्त टूट चुकी है। हमलोगों ने आंकड़ों के आधार पर आरक्षण दिया है।

इससे सम्बंधित जो भी तथ्य हैं उसे राज्य सरकार न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत करेगी। उन्होंने कहा कि न्यायालय में जाना भाजपा की पुरानी नीति रही है। जातीय गणना और नगर निकाय चुनाव के दौरान भी इनलोगों ने अड़ंगा लगाने का प्रयास किया था। 

ये भी पढ़ें - सीयूएसएटी में भगदड़: गंभीर रूप से घायल दो छात्रों की हालत अब स्थिर

संबंधित समाचार