तेलंगाना चुनाव: रैपिडो ने की 30 नवंबर को हैदराबाद के 2600 मतदान केंद्रों तक मुफ्त यात्रा की पेशकश 

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

हैदराबाद। बाइक सेवा एग्रीगेटर ‘रैपिडो’ ने मतदाताओं की मदद के लिए 30 नवंबर को शहर के 2,600 से अधिक मतदान केंद्रों के लिए मुफ्त यात्रा कराने की सोमवार को घोषणा की। फर्म की एक प्रेस विज्ञप्ति में कहा गया कि यह पहल तेलंगाना में अधिक से अधिक मतदाताओं, खासकर युवाओं, को मतदान केंद्र तक पहुंचाने को लेकर रैपिडो की प्रतिबद्धता दर्शाती है। 

रैपिडो के सह-संस्थापक पवन गुंटुपल्ली ने कहा, ‘‘भारत का लोकतंत्र इसका सबसे बड़ा आकर्षण है और हमें हर वोट को महत्वपूर्ण बनाने में सहयोग के लिए गर्व है। हम लोगों से परिवहन की चिंता छोड़कर अधिक से अधिक संख्या में मतदान में हिस्सा लेने का आग्रह करते हैं। चुनाव के दिन मुफ्त बाइक यात्रा की सुविधा देकर, हम नागरिकों को वोट देने के अपने अधिकार का प्रयोग करने के लिए प्रोत्साहित करना चाहते हैं।'' 

विज्ञप्ति में कहा गया कि मतदाताओं की भागीदारी में परिवहन को एक महत्वपूर्ण कारक के रूप में पहचानते हुए, रैपिडो की मुफ्त सवारी की पेशकश का उद्देश्य चुनाव प्रक्रिया में व्यापक भागीदारी को बढ़ावा देना है, जिससे कि ज्यादा से ज्यादा लोग ‘लोकतंत्र के त्योहार’ में सक्रिय रूप से भाग ले सकें। 

ये भी पढ़ें- मुख्यमंत्री सोरेन ने 25 करोड़ 64 लाख रुपए की 34 योजनाओं का किया उद्घाटन- शिलान्यास, लाभुकों के बीच बांटी परिसंपत्तियां 

संबंधित समाचार