मुरादाबाद: कॉलेज के कर्मचारी ने बेटे के अपहरण का लगाया आरोप, मौके पर पहुंची पुलिस 

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

मुरादाबाद, अमृत विचार। सिविल लाइन थाना क्षेत्र के इंजीनियरिंग कॉलेज के कर्मचारी ने बेटे के अपहरण का आरोप लगाया है। पीड़ित के अनुसार, उसके बेटे को सोमवार देर शाम कार सवार अगवा करके ले गए हैं। एकता द्वार के पास आरोपी एक मेडिकल स्टोर से नशे का इंजेक्शन खरीदने उतरे तो किशोर कार से कूद कर भाग निकला और परिवार वालों को जानकारी दी। शिकायत पर पहुंची पुलिस मामले की जांच कर रही है।

थाना सिविल लाइंस के मऊ शिवशक्ति कालोनी निवासी राजकुमार सैनी रामगंगा विहार चौकी क्षेत्र में स्थित निजी इंजीनियरिंग कॉलेज में क्लर्क है। परिवार में पत्नी पूनम, एक बेटा आदित्य और एक बेटी हैं। राजकुमार के अनुसार सोमवार शाम करीब सात बजे उनका बेटा आदित्य घर के पास खेल रहा था। उसी समय एक कार आकर रुकी। कार सवारों ने आदित्य से सड़क पर पड़ी बॉल उठाकर देने को कहा। जब आदित्य बॉल देने लगा तो आरोपी उसे खींच कर कार में बैठाकर भाग निकले।

इसके बाद पीली कोठी के आगे एकता द्वार के पास कार खड़ी करके आरोपी एक मेडिकल स्टोर से नशे का इंजेक्शन लेने चले गए। राजकुमार का दावा है कि उसी दौरान उनका बेटा कार से कूद कर पीली कोठी के पास स्थिज जलकल विभाग की कालोनी में घुस गया। वहां किसी के फोन से उसने कॉल करके पिता को अपने साथ हुई घटना की जानकारी दी। पिता ने इस मामले में सिविल लाइन पुलिस को भी सूचना दी है। सूचना के बाद से सिविल लाइन थानाध्यक्ष राम प्रसाद शर्मा टीम के साथ मौके पर पहुंच कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार, मामला संदिग्ध है। सीसीटीवी कैमरों की मदद से जांच की जा रही है। साक्ष्य के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

ये भी पढ़ें- मुरादाबाद: अवैध खनन में पकड़ी गईं पांच ट्रैक्टर-ट्राली सीज

संबंधित समाचार