बरेली: फुटपाथों को कब्जा में बड़े-बड़े शोरूम वाले भी पीछे नहीं
बरेली, अमृत विचार। स्मार्ट सिटी में हर तरफ फुटपाथों का कारोबारी इस्तेमाल हो रहा है। इन पर फड़ वालों का तो कब्जा है ही, बड़े-बड़े शोरूम वाले भी पीछे नहीं हैं। नगर निगम के अफसरों ने तो कई सालों से आंखें मूंद रखी हैं, प्रशासन के अधिकारी भी कुछ देखने को तैयार नहीं हैं।
कोहाड़ापीर से सूद धर्मकांटा चौराहा और एमबी इंटर कॉलेज रोड हो या थाना प्रेमनगर थाने की ओर जाने वाला मार्ग, हर तरफ फुटपाथ पर छोटे या बड़े कारोबारी जमे हुए हैं। शोरूम हो या दुकान, सबका सामान सामने फुटपाथ पर ही लगा हुआ है। कुछ जगह कारोबारी फुटपाथ को अपने ग्राहकों के वाहन खड़े कराने के लिए इस्तेमाल कर रहे हैं।
कोहाड़ापीर पेट्रोल पंप से सूद धर्मकांटा मार्ग रेस्टोरेंट और अलमारी कारखानों का कब्जा
यहां चौराहे पर ही ऑटो स्टैंड बना लिया गया है जिसकी वजह से सड़क पर निकलने की जगह कम हो गई है। आगे एक तरफ साइकिल की दुकान, स्कूल की चारदीवारी है तो दूसरी तरफ लोहे की अलमारियां बनाने वाले कारखाने।
इनका सामान फुटपाथ पर ही रखा है। कुछ और आगे रेस्टोरेंट का काउंटर फुटपाथ पर लगा हुआ है। इसके बाद कुछ दूर फुटपाथ खाली है लेकिन वाल्मीकि मंदिर के पास ग्राहकों के लिए मेज-कुर्सी भी फुटपाथ पर लगी ली गई हैं।
पेट्रोल पंप से एमबी कॉलेज रोड पर कहीं रेस्टोरेंट तो कहीं दुकानों का सामान
पेट्रोल पंप से एमबी कॉलेज रोड पर शुरू से ही टायर, ऑटो रिपेयरिंग और पुराने दुपहिया वाहन बेचने वालों का फुटपाथ पर कब्जा है। सामने की लाइन पर व्यापारियों के वाहन खड़े रहने से फुटपाथ गायब हो गया है।
आगे टीबरीनाथ कॉलोनी मोड़ के पास फुटपाथ पर ही रेस्टोरेंट खोल लिया गया है। स्कूल के सामने फैब्रिकेशन की दुकानों का सामान भी फुटपाथ पर रखा हुआ है। एमबी कॉलेज तक एक लाइन पर कहीं ठेले और रेस्टोरेंट हैं तो दूसरी तरफ जूस के ठेले हैं। बेचने के लिए पुराने वाहन भी सजाए गए हैं।
सूद धर्मकांटे से प्रेमनगर थाने तक फुटपाथ पर शोरूम वालों की पार्किंग और ठेले
सूद धर्मकांटे से प्रेमनगर थाने की ओर शुरू में ही फुटपाथ गायब है। यहां फलों के ठेले और स्कूल में आने वाले वाहन खड़े होने से फुटपाथ के साथ सड़क भी घिर गई है। बगल में बर्तनों का शोरूम है जहां आने वाले ग्राहकों के वाहन भी फुटपाथ पर खड़े होते हैं।
वाहनों की भरमार फुटपाथ पार्किंग जैसा दिखता है। चार पहिया वाहन सड़क पर खड़े होते हैं। इसी शोरूम के सामने स्थित मॉल में आने वाले लोगों के भी वाहन सड़क पर खड़े रहते हैं। थाने के पहले चौराहे तक फुटपाथ का यही हाल है। कहीं एकाध जगह फुटपाथ दिखाई देता है।
मूर्ति नर्सिंग होम से सीआई पार्क तक फुटपाथ के साथ सड़क पर भी कब्जे
प्रेमनगर थाने से आगे कुछ दूर तक फुटपाथ दिखाई ही नहीं देता। सीआई पार्क के सामने जहां फुटपाथ है, वहां बाइक स्टैंड बना है। यहां भी सड़क की एक लेन पर कारोबारियों का कब्जा है। फुटपाथ पहले से ही अवैध कब्जों से घिरा है। अब सड़क पर भी सामान रखे जाने से ट्रैफिक बाधित होता रहता है।
ये भी पढ़ें- बरेली: अधिवक्ता पहुंचा एसएसपी ऑफिस, डॉक्टर के बेटे-बेटी समेत तीन पर लगाए गंभीर आरोप
