बरेली: नए साल से पहले बनने हैं 1078 आवास, अभी 965 अधूरे

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बरेली, अमृत विचार। प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री आवास के निर्माण कार्य में उदासीनता पर अधिकारियों के वेतन काटने के बाद प्रगति बढ़ी है, इसके बावजूद अभी 965 आवास अधूरे हैं। प्रधानमंत्री आवास का 50 तो मुख्यमंत्री आवास का निर्माण कार्य अभी 35 फीसदी पूरा नहीं हो सका है। पीडी डीआरडीए ने सभी बीडीओ ने 31 दिसंबर तक सभी आवासों का कार्य पूरा कराने के आदेश दिए हैं।

दरअसल, वित्तीय वर्ष 2023-24 में प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत 413 और मुख्यमंत्री आवास के लिए 665 लाभार्थियों को लाभ देने के लिए लक्ष्य जारी हुआ था। प्रधानमंत्री आवास के लिए 398 के लिए पहली किस्त, जबकि 219 के लिए दूसरी किस्त और 16 के लिए तीसरी किस्त भेजी जा चुकी है।

अब तक 11 आवास ही पूरे हो सके हैं। अधूरे आवासों में अभी 50 फीसदी से अधिक कार्य होना बाकी है। मुख्यमंत्री आवास के तहत 660 आवास के लिए पहली, 535 के लिए दूसरी, 147 के लिए तीसरी किस्त जारी की जा चुकी है।

अभी 102 आवास ही पूरी तरीके से बन सके हैं। आवास निर्माण कार्य में उदासीनता पर पहले पीडी डीआरडीए ने भदपुरा, नवाबगंज, रामनगर, मझगवां, आलमपुर, बिथरी चैनपुर, बहेड़ी, मीरगंज, दमखोदा, फरीदपुर, शेरगढ़ के बीडीओ को नोटिस जारी कर वेतन रोका था, लेकिन अभी भी कार्य की प्रगति संतोषजनक नहीं कही जा रही है। पीडी डीआरडीए तेजवंत सिंह ने बताया कि 31 दिसंबर तक लक्ष्य के सापेक्ष प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री आवास योजना के तहत सभी आवासों का निर्माण कार्य पूरा करने का आदेश बीडीओ को दिए गए हैं।

ये भी पढ़ें- बरेली: अधिवक्ता पहुंचा एसएसपी ऑफिस, डॉक्टर के बेटे-बेटी समेत तीन पर लगाए गंभीर आरोप 

संबंधित समाचार