मुरादाबाद: चिकन लेने गई युवती को कमरे में किया बंद, बनाया वीडियो
पाकबड़ा,अमृत विचार। चिकन लेने गई युवती को युवक ने कमरे में बंद कर लिया। इसकी जानकारी होने पर किसी ने वीडियो बना लिया और युवती के परिजनों से शिकायत कर दी। मौके पर पहुंचे परिजनों ने जमकर हंगामा किया। युवक दूसरे समुदाय का था तो उसके पक्ष के लोग भी आ गए। दोनों के बीच …
पाकबड़ा,अमृत विचार। चिकन लेने गई युवती को युवक ने कमरे में बंद कर लिया। इसकी जानकारी होने पर किसी ने वीडियो बना लिया और युवती के परिजनों से शिकायत कर दी। मौके पर पहुंचे परिजनों ने जमकर हंगामा किया। युवक दूसरे समुदाय का था तो उसके पक्ष के लोग भी आ गए। दोनों के बीच मारपीट की नौबत हो गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने किसी तरह से समझाने का प्रयास किया लेकिन बात नहीं बनी।
सूचना पर एसएसपी भी पहुंच गए। उन्होंने मामले को शांत कराकर कार्रवाई का आश्वासन दिया। हालांकि पहले युवती के परिजनों ने रिपोर्ट दर्ज कराने से इंकार कर दिया, बाद में पुलिस के कहने पर युवती के परिजनों की ओर से दी गई तहरीर के आधार पर दो के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है।
मामला पाकबड़ा थाना क्षेत्र के लोधीपुर राजपूत गांव का है। बताते हैं कि यहां पर एक धार्मिक स्थल पर चिकन की दुकान है। दोपहर को एक युवती दुकान पर चिकन लेने गई थी। दुकान पर मौजूद युवक उसे अंदर ले गया और कमरे को बंद कर लिया। इसकी जानकारी उस स्थल पर रहने वाले एक व्यक्ति को हो गई। उन्होंने खामोशी से पूरा वीडियो बना लिया और युवती के घर पहुंच गए। वीडियो देखकर युवती के परिजन अपना आपा खो बैठे और मौके पर आ गए। उन्होंने गाली-गलौच करते हुए हंगामा करना शुरू कर दिया। इतना ही नहीं उन्होंने आरोपी युवक के साथ अभद्रता करने की कोशिश की तो उसके पक्ष के लोग भी आ गए।
आरोपी युवक दूसरे समुदाय का बताया जाता है। हंगामा बढ़ने पर ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दी तो भारी फोर्स मौके पर आ गई। पुलिस दोनों पक्ष के लोगों को थाने ले आई लेकिन यहां पर भी काफी गहमा-गहमी रही। युवती पक्ष के लोगों ने रिपोर्ट दर्ज कराने से इंकार कर दिया। तनाव को देखते हुए सूचना मिलने पर एसएसपी प्रभाकर चौधरी भी मौके पर आ गए। उन्होंने उचित कार्रवाई का आश्वासन देकर मामले को शांत कराया। साथ ही गांव में पीएसी तैनात करने के आदेश कर दिए। वहीं देर शाम युवती के परिजनों की ओर से दी गई तहरीर पर गांव निवासी शाहरूख और नौशाद के खिलाफ एसएसी-एसटी एक्ट का मामला दर्ज कर लिया गया है।
