UP: बंद घर का ताला तोड़ लाखों की चोरी, गृहस्वामी परिवार समेत भतीजे की बारात में गए थे, नुकसान पर रो पड़ी महिलाएं
फर्रुखाबाद में बंद घर का ताला तोड़ लाखों की चोरी।
फर्रुखाबाद में बंद घर का ताला तोड़ लाखों की चोरी की वारदात को अंजाम दिया। गृहस्वामी परिवार समेत भतीजे की बारात में गए थे। पुलिस मामले की जांच पड़ताल में जुटी।
फर्रुखाबाद, अमृत विचार। प्रेमनगर में बंद घर में शातिर चोरों ने 2 लाख 18 हजार कैश समेत लाखों के जेवर चोरी कर लिए। गृहस्वामी परिवार के साथ भतीजे की बारात में शामिल होने गए थे। नुकसान पर महिलाएं रो पड़ी। पुलिस ने मौके पर पहुंच कर जांच पड़ताल शुरू कर दी है।
मंगलवार को नगर से सटे गांव प्रेमनगर निवासी कृष्णकांत पुत्र अंतराम के छोटे भाई राकेश के पुत्र की शादी थी। कृष्णकांत परिवार के साथ भतीजे की बारात में क्षेत्र के गांव भटासा गए थे। देर रात करीब दो बजे कृष्णकांत की मां साबित्री देवी अपने बेटे के घर के पास निकली, तो उनकी नजर मुख्य गेट के ताले पर पड़ी। ध्यान से देखा तो ताला टूटा था। अंदर जाकर देखा तो दोनों कमरों के ताले टूटे थे। सामान बिखरा पड़ा था।
उन्होंने शोरशराबा मचाया। इसको सूनकर लोगों की भीड़ लग गई। मामले की जानकारी कृष्णकांत को दी गई। वह परिजन समेत मौके पर पहुंचे, जहां देखा चोरों ने कमरों का ताला तोड़ा। उसके बाद बक्से, अलमारी का ताला तोड़ दिया और वहां से नकदी व जेवर चोरी कर लिए। नुकसान पर घर की महिलाएं रो पड़ी।
घटना की जानकारी पुलिस को दी गई। पुलिस मौके पर पहुंची। कृष्णकांत की पत्नी कुसुमलता ने बताया कि, चोर उसके घर से 2 लाख 18 हजार रुपये नकद, दो जोड़ी कुंडल, मंगलसूत्र, एक जोड़ी गुच्छा, खडुआ, लर, दो जोड़ी तोड़िया, कपड़े आदि सामान चुरा ले गए। पुलिस ने आसपास तहकीकात की। पीड़ित कृष्णकांत ने पुलिस को तहरीर दी है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
जमीन खरीदने के लिए रखा था कैश
प्रेमनगर में कृष्णकांत के घर चोरी के मामले में परिवारीजनों का कहना है कि उनके घर में 2 लाख 18 कैश चोरी हुआ है। यह रुपया उनका व उनके छोटे भाई अनुज कुमार का था। यह रुपया जमीन लेने के लिए रखा था।
परचून दुकान का तोड़ा ताला, आहट पर भागे चोर
कृष्णकांत के पड़ोसी परचून दुकानदार अशोक की दुकान को चोरो ने निशाना बनाया। वहां ताला तोड़ दिया लेकिन किसी की आहट पर चोर भाग गए। वहां चोरी होने से बच गई।
पुलिस की संदिग्धों पर नजर
प्रेमनगर में लाखों की चोरी के मामले में पुलिस आसपास के संदिग्धों पर नजर लगाए है। अनुमान है शातिर चोर जानते थे घर बंद है और घर में कोई नहीं है। अनुमान है पूरी रेकी के बाद चोरो ने इस घर को निशाना बनाया।
