बरेली: कोल्ड डायरिया की चपेट में आ रहे बच्चे, ऐसे करें बचाव
बरेली, अमृत विचार। मौसम में लगातार बदलाव से बच्चे बीमार हो रहे हैं। ठंड बढ़ने से करीब एक सप्ताह से बच्चे कोल्ड डायरिया की चपेट में आ रहे हैं। जिला अस्पताल के बच्चा वार्ड में भर्ती पांच बच्चों में कोल्ड डायरिया की पुष्टि हुई है। वर्तमान में वार्ड में 11 बच्चे भर्ती हैं जिनमें पांच कोल्ड डायरिया और तीन निमोनिया और अन्य बुखार से ग्रसित हैं।
जिला अस्पताल के वरिष्ठ बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. करमेंद्र के मुताबिक तीन बार से अधिक पानी जैसे दस्त होना कोल्ड डायरिया का मुख्य लक्षण है। दस्त की वजह से बच्चों के शरीर में पानी की कमी हो जाती है। कोल्ड डायरिया होने का कारण वायरस संक्रमण है। शरीर में इनके पहुंचने से दस्त आने लगते हैं।
ऐसे करें बचाव
छह महीने तक बच्चों को सिर्फ स्तनपान कराएं। इससे अधिक उम्र के बच्चों को पीने के लिए गुनगुना पानी दें। इसके अलावा तरल पदार्थ वाली चीजें खाने में ज्यादा दें। दस्त आने पर ओआरएस का घोल पिलाना शुरू कर दें। बच्चों वाले कमरों में ज्यादा लोग एक साथ न रहें। बच्चों के कपड़े और बिस्तर साफ रखें और ताजा बना भोजन ही खिलाएं।
ये भी पढ़ें - बरेली: बंद मकान में आ रहा हजारों का बिल, उपभोक्ता सही कराने के लिए लगा रहे चक्कर
