आगरा: ताजमहल देखने आए ओडिशा के दो युवकों का हुआ अपहरण, पुलिस ने कराया मुक्त
आगरा। आगरा ताजमहल का दीदार करने आए ओडिशा के दो युवकों का कथित तौर पर अपहरण कर लिया गया और परिवार को घटना की जानकारी तब हुई जब अपहरणकर्ताओं ने फिरौती के लिए परिवार से संपर्क किया। पुलिस ने गुरुवार को यह जानकारी दी।
पुलिस ने बताया कि परिवार ने ओडिशा पुलिस के माध्यम से आगरा पुलिस से संपर्क किया और दोनों युवकों को मुक्त करा लिया गया है और मामले में तीन लोगों को हिरासत में लिया गया है।
एसीपी सुकन्या शर्मा ने बताया कि ओडिशा पुलिस की सूचना पर थाना खंदौली एवं सर्विलांस टीम ने अपहृत जग्गू और सुनील को सकुशल मुक्त करा लिया है तथा इनका अपहरण करने के आरोप में विकास, कान्हा, शिवम नामक तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया है।
उन्होंने बताया कि ओडिशा के कोरापुर थाना में अपहरण का मामला दर्ज किया गया है और पुलिस आगे की वैधानिक कार्रवाई कर रही है। पुलिस ने बताया कि तीनों आरोपियों से पूछताछ की जा रही है। आगरा पुलिस अग्रिम कार्रवाई के लिए ओडिशा पुलिस के आने का इंतजार कर रही है।
ये भी पढ़ें -प्रतापगढ़ : हत्या के दोषी पिता पुत्र को आजीवन कारावास, लगा अर्थदण्ड
