लखनऊ: बाइक सवार दो युवकों पर नौ लोगों ने घेरकर किया हमला, सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई घटना

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

लखनऊ। गुडम्बा इलाके में एक बाइक पर सवार दो दोस्तों को रास्ते में नौ लोगों ने घेर कर पीट दिया। आसपास के लोगों के बीच-बचाव करने पर हमलावर जान से मारने की धमकी देते हुए भाग निकले। मामले की शिकायत पर पुलिस ने आगे की कार्रवाई शुरू की है। 

थाने कुतुबपुर निवासी राहुल गिरी ने तहरीर दी। बताया कि 29 नवंबर को कुर्सी रोड स्थित स्पोर्ट्स कॉलेज से बाइक पर साथी के संग घर लौट रहा था। रास्ते में सिटी क्लब के समीप पेट्रोल पंप के सामने पीछे से तीन बाइकों पर सवार होकर नौ युवक पहुंचे। कोई कुछ समझ पाता इससे पहले ही बाइक से दोनों को खींचकर गाली गलौच करने लगे। 

विरोध करने पर लात घूसों से पीट दिया। पीड़ित ने पुलिस को बताया कि मारपीट की घटना सीसीटीवी फुटेज में कैद है। राहुल ने उत्कर्ष के कहने पर हमला किये जाने का आरोप लगाया है।

इंस्पेक्टर गुड़म्बा नीतीश कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि उत्कर्ष और आठ अज्ञात पर मुकदमा दर्ज किया गया है। सीसीटीवी फुटेज खंगालकर हमलावरों की पहचान की जा रही है। जांच के आधार पर आरोपियों के खिलाफ आगे की कार्रवाई की जायेगी।

यह भी पढ़ें: किसान बाबू सिंह ने आत्महत्या नहीं की उनकी हत्या हुई, मेरी मौत हुई तो अखिलेश होंगे जिम्मेदार: डॉ. दिवाकर

संबंधित समाचार