रामपुर : ट्रैक्टर के पहिये के नीचे दबकर दंपति की मौत, मचा कोहराम

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

मिलक, (रामपुर),अमृत विचार। ट्रैक्टर के पहिए के नीचे दबने से पति-पत्नी की मौत हो गई। दंपति की मौत से परिवार में कोहराम मच गया। घटना क्षेत्र के कजियापुरा गांव की है। शुक्रवार की शाम 60 वर्षीय सुरेंद्र नशे की हालत में अपने घर के सामने सड़क पर लेटा हुआ था। इस दौरान गांव निवासी रामबहादुर अपना ट्रैक्टर खेत से घर ला रहा था। बीच सड़क में सुरेंद्र को लेटा देख उसने ट्रैक्टर ढाल पर खड़ा कर दिया।

सुरेंद्र को सड़क से उठाने लगा। ट्रैक्टर चालक की आवाज सुनकर सुरेंद्र की 58 वर्षीय पत्नी प्रीति भी घर के बाहर आई। अपने पति सुरेंद्र को सड़क से उठाने लगी। अचानक ढाल पर खड़ा ट्रैक्टर ने रफ्तार पकड़ ली। सुरेंद्र व उसकी पत्नी प्रीति ट्रैक्टर के पहिये के नीचे दब गए। दोनों की चीखपुकार सुन दौड़े ग्रामीणों ने घायल अवस्था में दोनों को ट्रैक्टर के नीचे से बाहर निकाला। बरेली के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया। उपचार के दौरान सुरेंद्र ने दम तोड़ दिया तथा कुछ घंटों बाद प्रीति की भी उपचार के दौरान मौत हो गई।

शनिवार को सुबह परिजन दोनों के शवों को लेकर मिलक कोतवाली पहुंचे। पुलिस ने दोनों शवों को पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। मृतक दंपति ने अपने पीछे दो विवाहित पुत्र छोड़े हैं। मृतक के पुत्र हरनाम सिंह ने रामबहादुर पर अपने माता-पिता की हत्या का आरोप लगाते हुए कोतवाली मिलक में तहरीर दी। पुलिस ने तहरीर के आधार पर ट्रैक्टर चालक रामबहादुर के खिलाफ मुकदमा पंजीकृत कर लिया।

ये भी पढ़ें : रामपुर: मैरिज हाल में ताला डालकर दूल्हे संग बरातियों को दौड़ा-दौड़ा कर पीटा

संबंधित समाचार