बरेली: वीवीपैट और ईवीएम के इस्तेमाल के बारे में दी जाएगी जानकारी
बरेली, अमृत विचार। लोकसभा चुनाव को लेकर प्रशासनिक तैयारियां तेज हो गई हैं। चुनाव में वीवीपैट और ईवीएम के बारे में जानकारी देने के लिए मोबाइल वैन से गांवों में प्रचार-प्रसार किया जाएगा।
दरअसल, भारत निर्वाचन आयोग ने लोकसभा चुनाव में लोगों को ईवीएम और वीवीपैट के इस्तेमाल के लिए जागरूक करने का आदेश दिया है। इसको लेकर श्रव्य-दृश्य उपकरण (ऑडियो-वीडियो इक्यूमेंट) युक्त वाहन चलाए जांएगे।
आयोग ने ईवीएम मैनुअल में मशीन के प्रदर्शन और जागरूकता के लिए जिला निर्वाचन अधिकारी कार्यालय, सभी आरओ मुख्यालय/तहसील में ईवीएम प्रदर्शन केंद्रों की स्थापना के आदेश दिए गए हैं। 25 जनवरी से जागरूकता अभियान के लिए मोबाइल वैन की व्यवस्था जेम पोर्टल पर टेंडर के जरिए की जाएगी।
आयोग ने प्रति माह एक मोबाइल वैन की अधिकतम दर दो लाख 88 हजार रुपये तय की है। इसके लिए डीएम ने कमेटी गठित कर दी है। जिला सहायक निर्वाचन अधिकारी हैदर अब्बास ने बताया कि 25 जनवरी से मोबाइल वैन सभी मतदान केंद्र, हाट बाजार, मजरों में पहुंचेगी।
प्रतिदिन 25 बूथों के वोटरों को किया जाएगा जागरूक
मोबाइल वैन से रोजाना 20 से 25 मतदेय स्थलों के मतदाताओं के सामने ईवीएम, वीवीपैट का प्रदर्शन कर जागरूक किया जाएगा। इसके लिए प्रतिदिन दो से तीन हॉट बाजार प्रचार-प्रसार के लिए चिह्नित जाएंगे।
मतदेय स्थलों के अलावा नगर निगम, नगर पालिका, नगर पंचायत, जिला पंचायत, क्षेत्र पंचायत, ग्राम पंचायत, बाजार, माल, चौराहों पर भी जागरूकता कार्यक्रम किए जाएंगे। वीवीपैट और ईवीएम के बारे में बताया जाएगा। मतदान कैसे करना है, इसकी भी जानकारी दी जाएगी।
ये भी पढ़ें - बरेली: 'मानको का हवाला देकर किया जा रहा टेंपो चालकों को परेशान', विरोध प्रदर्शन कर निकाली रैली
