Fatehpur Accident: सड़क हादसों में मां-बेटे समेत चार लोगों की मौत, परिजनों में मची चीख-पुकार, जांच में जुटी पुलिस

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

फतेहपुर में सड़क हादसों में मां-बेटे समेत चार लोगों की मौत।

फतेहपुर में सड़क हादसों में मां-बेटे समेत चार लोगों की मौत हो गई। घटना से परिजनों में चीख-पुकार मच गई। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया।

फतेहपुर, अमृत विचार। अलग-अलग थाना क्षेत्रों में हुए सड़क हादसों में मां-बेटे समेत चार लोगों की मौत हो गई। हुसेनगंज में शादी की खरीदारी कर वापस लौट रहे बाइक सवार मां-बेटे को ट्रैक्टर ने रौंद दिया। इसी तरह मलवां क्षेत्र में मजदूरों को लेकर जा रहे ट्रैक्टर ट्राली के पलटने से दो मजदूरों की दबकर मौत हो गई। वहीं दो मजदूर घायल हो गए। घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। 

हादसा 1

सड़क हादसे में मां-बेटे की मौत, कोहराम

शादी की खरीदारी कर घर वापस लौट रहे बाइक सवार मां-बेटा सड़क हादसे का शिकार हो गए। हुसेनगंज के मवइया मोड़ के पास तेज रफ्तार ट्रैक्टर की टक्कर से बेटे की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं उसकी मां की कानपुर ले जाते समय सांसें थम गईं। घटना की जानकारी पर पहुंची पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।

हुसेनगंज थाना क्षेत्र के बसोहनी गांव निवासी महेन्द्र पाल अपनी मां निर्मला देवी के साथ खरीदारी के सिलसिले से शहर आए थे। जहां से देर शाम वापस लौटते समय बाइक सवार मां बेटा जैसे ही हुसेनगंज के ही मवइया मोड़ के पास पहुंचे तभी तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही बाइक से गिरकर मां-बेटा ट्रैक्टर के नीचे आ गए।

हादसे की जानकारी पर एंबुलेंस मौके पर पहुंची लेकिन तब तक महेन्द्र की मौत हो चुकी थी, वहीं उसकी मां निर्मला को गंभीर हालत में जिला अस्पताल पहुंचाया गया। जहां हालत नाजुक देख डाक्टर ने उसे कानपुर रेफर कर दिया। जहां ले जाते समय रास्ते में ही उसकी भी सांसें थम गईं। मां-बेटे की मौत से परिजनों में कोहराम मचा रहा। परिजनों ने बताया कि महेन्द्र की शादी सात दिसंबर को होनी थी। उसी की खरीदारी कर दोनों वापस लौट रहे थे।

हादसा 2

ट्रैक्टर ट्राली पलटने से दो मजदूरों की दबकर मौत, दो की हालत गंभीर

मजदूरों को लेकर तेज रफ्तार में आ रहा ट्रैक्टर ट्राली चालक के अनियंत्रित होने से सड़क किनारे खंती में पलट गया। ट्रैक्टर के नीचे दबकर दो मजदूरों की मौके पर मौत हो गई। चालक सहित दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को एंबुलेंस से जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। 

मलवां थाना क्षेत्र के सनगांव मोड़ के पास तेज रफ्तार में जा रहा ट्रैक्टर ट्राली का चालक नियंत्रण खो बैठा और सड़क किनारे खेत में जाकर पलट गया। हादसे में ट्रैक्टर के नीचे चार मजदूर दब गए। स्थानीय लोगों ने जब तक सभी को बाहर निकाला। ट्रैक्टर के नीचे दबकर मजदूर राधानगर निवासी सूरज और राम कुमार की मौके पर मौत हो गई।

घायल चालक संजय और आशीष को गंभीर हालत में एम्बुलेंस से जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों मृतकों के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने बताया कि मलवां थाना क्षेत्र के रावतपुर में पाइप लाइन की खोदाई कर वापस आते समय मोड़ पर चालक ट्रैक्टर को मोड़ नहीं पाया और हादसे में दो लोगों की मौत हो गई और दो लोग घायल हुए हैं।

ये भी पढ़ें- Kanpur: GSVM मेडिकल कॉलेज के जच्चा-बच्चा अस्पताल में शाम को भी ओपीडी चलेगी… अब मरीजों को नहीं लौटना पड़ेगा

संबंधित समाचार