भदोही: हल्की हवाओं के साथ आसमान में बनी रहेगी बादलों की आवाजाही, बढ़ेगी ठंड
भदोही। बंगाल की खाड़ी में पूर्व में आए चक्रवात मिचौंग के प्रभाव के कारण पूर्वी उत्तर प्रदेश में बादलों की आवाजाही दिखेंगी। जिसके कारण भदोही जनपदों में भी हल्के बादल छाये रहने के आसार है। मौसम वैज्ञानिक सर्वेश बरनवाल ने बताया कि बंगाल की खाड़ी में आए चक्रवाती तूफान मिचौंग का असर अगले कुछ दिनों तक उत्तर प्रदेश के पूर्वांचल सहित देश के विभिन्न भागों में पड़ने की संभावना प्रबल है।
मिचौंग के कारण पूर्वा हवाएं बनी रहेगी, लेकिन उसकी गति में वृद्धि देखे जाने के भी आसार हैं जिससे सिहरन के साथ हवाएं 10 से 12 किलोमीटर प्रति घंटा के बीच की गति से चल सकती हैं। प्रतिदिन आशिंक धूप होने से रात के तापमान में तीन से चार डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की जाएगी जबकि दिन का तापमान वर्तमान की तरह ही 25 से 27 डिग्री सेल्सियस के बीच देखा जाएगा।
घने कोहरे का प्रभाव भी अभी जनपद में प्रतिदिन देखे जाने के आसार हैं। चक्रवात मिचौंग के कारण पूर्वी मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, झारखंड के कुछ क्षेत्र बारिश के प्रभाव में आएंगे। ऐसे में खेत में खड़ी अथवा कटी हुई धान की फसल को तत्काल संवारने की जरूरत है, मौसम के रूख को देखते हुए किसानों से अपेक्षा की गई है कि युद्ध स्तर पर धान की मड़ाई कर उत्पाद को सुरक्षित कर लें।
यह भी पढ़ें: लखनऊ : भाजपा कार्यालय पर कार्यकर्ताओं ने जमकर किया डांस, Video में देखिये इनका उत्साह
