लखनऊ: सपा ने अधिवक्ता दिवस के रूप में मनाई प्रथम राष्ट्रपति डाॅ. राजेंद्र प्रसाद की जयंती, लिया यह संकल्प
लखनऊ। समाजवादी पार्टी ने आज प्रदेश की राजधानी स्थित पार्टी कार्यालय पर देश के प्रथम राष्ट्रपति डॉ. राजेंद्र प्रसाद की जयंती अधिवक्ता दिवस के रूप में सादगी से मनायी। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय सचिव राजेंद्र चौधरी, प्रदेश अध्यक्ष नरेश उत्तम पटेल तथा समाजवादी अधिवक्ता सभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष कृष्ण कन्हैया पाल, समाजवादी अधिवक्ता सभा के प्रदेश अध्यक्ष सिकन्दर यादव आदि ने डॉ. राजेन्द्र प्रसाद के चित्र पर माल्यार्पण कर नमन किया।
इस अवसर पर यह भी संकल्प लिया गया कि उत्तर प्रदेश में अखिलेश यादव के नेतृत्व में संविधान को बचाने के लिए लोकतांत्रिक भूमिका का निष्ठापूर्वक पूरी ताकत से निर्वहन करेंगे। वक्ताओं ने कहा कि डॉ0 राजेन्द्र प्रसाद ने स्वतंत्रता संग्राम सेनानी के रूप में देश की आजादी के लिए गांधी जी के नेतृत्व में संघर्ष किया था।
उन्होंने आजादी के बाद संविधान निर्माण में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी। वे संविधान सभा के अध्यक्ष थे। वक्ताओं का कहना था कि लोकतंत्र में अराजकता को कोई स्थान नहीं है। सन् 2024 के लोकसभा चुनाव में कानून का राज रहे यह देश की एकता के लिए आवश्यक है।
जैसे आजादी के आंदोलन में अधिवक्ताओं की अग्रणी भूमिका थी वैसे ही स्वतंत्र भारत में सामाजिक न्याय, संविधान और लोकतंत्र को बचाने की लड़ाई में भी अधिवक्ताओं की भूमिका अहम होनी चाहिए। संविधान की प्रस्तावना में समाजवाद, लोकतंत्र और पंथनिरपेक्षता के मूल्यों पर भाजपा सरकार द्वारा किये जा रहे कुठाराघात को रोकने का दायित्व निभाना है।
न्याय के संघर्ष में अधिवक्ताओं की भूमिका निर्णायक होती है। अधिवक्ताओं से समाज को भरोसा है कि वे कोर्ट के बाहर और कोर्ट में न्याय दिलाएंगे। सामाजिक और आर्थिक विषमता की के विरुद्ध वे भी संकल्पित है।
अधिवक्ता दिवस के अवसर पर सर्वश्री अरविन्द कुमार सिंह पूर्व सांसद, प्रेम प्रकाश वर्मा, विकास यादव सहित अधिवक्ता उमेश प्रताप, संदीप कुमार, सिराज अहमद खां, विंध्यवासिनी कुमार, सर्वेश कुमार, नरेन्द्र कुमार वर्मा, मोनू सिंह यादव, केके श्रीवास्तव, संतोष भारती, राम सेवक यादव दिलीप पाठक, सुरेश यादव, अतीकुर्रहमान, मोहम्मद असलम नदवी, रबीउल इस्लाम, डॉ. हरिश्चंद्र, उदय प्रकाश, राधेश्याम आदि की उपस्थिति उल्लेखनीय रही।
यह भी पढ़ें: कुशीनगर में पुलिस ने ब्रांडेड कंपनी का नकली तार बेचने वाली चार दुकानों पर मारा छापा, हड़कंप
