बाराबंकी: हाईवे पर क्षत-विक्षत मिला युवक का शव, इलाके में हड़कंप
रामनगर/बाराबंकी, अमृत विचार। बाराबंकी- गोंडा- बहराइच हाईवे पर सोमवार की भोर एक अज्ञात युवक का क्षत-विक्षत शव पड़ा मिला। ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटना को हादसा बता शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। हालांकि अभी तक शव की शिनाख्त नहीं हो सकी है। मामला रामनगर थाना क्षेत्र का है।
सोमवार की भोर थाना क्षेत्र के मलिहामऊ गांव के पास हाईवे पर करीब 30 वर्षीय अज्ञात युवक का क्षत-विक्षत शव खेत जा रहे ग्रामीणों ने पड़ा देखा। इसके बाद हड़कंप मच गया। ग्रामीणों ने इसकी सूचना रामनगर पुलिस को दी। इस पर पहुंची पुलिस ने युवक की जामा तलाशी कर आसपास पूछताछ की। मगर, मृतक युवक की शिनाख्त नहीं हो सकी।
इसके बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज शिनाख्त के प्रयास में जुटी है। युवक कौन और कहां का रहने वाला है? यहां तक कैसे पहुंचा? इसकी जानकारी अभी नहीं हो सकी है। इस बारे में प्रभारी निरीक्षक रत्नेश पाण्डेय ने बताया कि अज्ञात वाहन की टक्कर से युवक की मौत हुई है। उसकी शिनाख्त के प्रयास किए जा रहे है।
यह भी पढ़ें:-संत कबीर नगर: घर में फंदे से लटकता मिला मां-बेटे का शव, जांच में जुटी पुलिस
