रामपुर: पत्नी को बुलाने आए जीजा को सालों ने घेरकर पीटा, समझौते में जुटे परिजन
जीजा ने सालों के खिलाफ रिपोर्ट कराने को दी तहरीर
रामपुर, ढकिया, अमृत विचार। ससुराल से पत्नी को बुलाने आए जीजा को सालों ने घर में घेरकर जमकर पीटा। जीजा ने सालों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराने के लिए ढकिया पुलिस चौकी पहुंचकर पुलिस को तहरीर दी है।
बरेली के आंवला थाना क्षेत्र के एक युवक की ढकिया चौकी क्षेत्र के गदमर पट्टी गांव में ससुराल है। बताया जाता है कि पति पत्नी में विवाद हो जाने के बाद महिला नाराज होकर ससुराल से अपने मायके गदमर पट्टी आ गई। नाराज पत्नी को बुलाने के लिए मंगलवार को पति अपनी ससुराल गदमर पट्टी गांव पहुंचा।
जहां पत्नी को बुलाकर ले जाने को लेकर पत्नी व सालों से जीजा का विवाद हो गया। पत्नी व सालों से विवाद होने पर गुस्साए सालों ने जीजा को घर में घेर लिया और उसकी जमकर पिटाई की। सालों की पिटाई से आहत जीजा ढकिया पुलिस चौकी पहुंचा।
उसने सालों के खिलाफ घर में घेरकर पीटने के मामले की रिपोर्ट दर्ज कराने के लिए पुलिस को तहरीर दी, लेकिन समाचार लिखे जाने तक पुलिस ने मामले की रिपोर्ट दर्ज नहीं की। पुलिस व गांव के कुछ संभ्रांत लोग जीजा सालों के बीच समझौता कराने के प्रयास में जुटे हैं।
ये भी पढ़ें:- रामपुर: ससुरालियों पर लगाया विवाहिता की हत्या का आरोप, परिजनों ने मिलक कोतवाली में किया हंगामा
