रामपुर: ससुरालियों पर लगाया विवाहिता की हत्या का आरोप, परिजनों ने मिलक कोतवाली में किया हंगामा

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

रामपुर/मिलक, अमृत विचार। नगर क्षेत्र में नवविवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गयी। सूचना पर पहुंचे परिजनों ने ससुरालियों पर हत्या का आरोप लगाया। पुलिस ने शव का पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। नवविवाहिता की मौत से परिजनों में आक्रोश पनप गया। 

 बरेली जिले के मीरगंज थाना क्षेत्र के परोरा गांव निवासी प्रेमशंकर की 21 वर्षीय पुत्री जयंती का विवाह 9 फरवरी 2022 को मिलक थाना क्षेत्र बकैनिया भाट गांव निवासी मेघराज के पुत्र योगेश से हिंदू रीति रिवाज के अनुसार हुआ था। मंगलवार को सुबह पांच बजे जयंती के पिता को सूचना मिली कि उसकी पुत्री की तबीयत खराब है। जयंती को फतेहगंज के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराने जा रहे हैं।

प्रेमशंकर अपने परिजनों के साथ अस्पताल पहुंचे तो पाया कि जयंती को मृत अवस्था में योगेश व उसके परिजन अपने घर वापस ले गए। पुनः गांव में संपर्क साधा तो सूचना मिली कि जयंती के शव का अंतिम संस्कार की तैयारी चल रही है। घबराए परिजन आनन-फानन में मिलक कोतवाली पहुंचे। कोतवाली में जयंती के अंतिम संस्कार की सूचना दी।

मृतका के परिजनों ने जयंती के पति, जेठ व जिठानी पर हत्या का आरोप लगाते हुए कोतवाली मिलक में जमकर हंगामा किया। पुलिस ने मृतका के पिता की तहरीर के आधार पर मृतका के पति योगेश, जेठ सोमपाल व जेठानी रजनी निवासी ग्राम बकेनिया भाट थाना मिलक के खिलाफ मुकदमा पंजीकृत कर लिया। मृतका के पिता प्रेमशंकर ने बताया कि पोस्टमार्टम के बाद वह अपनी पुत्री का शव अपने गांव परोरा ले जाएंगे जहां उसका अंतिम संस्कार किया जाएगा। सूचना पर एसपी राजेश द्विवेदी तथा सीओ के एन आनंद ने गांव पहुंचकर घटना का जायजा लिया।

ये भी पढ़ें:- Mars Helicopter: नासा के नाम बड़ी उपलब्धि, मार्स हेलीकॉप्टर ने पूरी कीं मंगल ग्रह पर 67 उड़ानें

संबंधित समाचार