संतकबीर नगर: नगर पंचायत के कूड़ेदान में मिला नवजात शिशु, इलाज के दौरान मौत
धनघटा/संत कबीर नगर। धनघटा थानाक्षेत्र के हैंसर बाजार कस्बे के टीवीएस मोटरसाइकिल एजेंसी के सामने नगर पंचायत के कूड़ेदान में मंगलवार की सुबह एक नवजात शिशु पड़ा था। आने जाने वाले ग्रामीणों ने बच्चे के रोने की आवाज सुना। करीब जाकर देखा तो वहां एक नवजात शिशु खून से लथपथ पड़ा था। ग्रामीणों ने उसको उठाया और वार्ड नंबर 4 की सभासद सीमा चौहान को सूचना दिया।
सभासद सीमा चौहान ने तत्काल मौके पर पहुंचकर बच्चे को गोद में उठा लिया। नवजात की नाड़ी कटवाने के लिए पास के ही डॉक्टर के पास ले गई। तत्परता दिखाते हुए नगर पंचायत अध्यक्ष को फोन कर इस घटना के बारे में बताया। नगर पंचायत अध्यक्ष रिंकू मणि और अध्यक्ष प्रतिनिधि नीलमणि तत्काल मौके पर पहुंचे और नवजात शिशु को सीएससी मलौली इलाज के लिए ले गए। डॉक्टरों ने इलाज शुरू कर दिया लेकिन गंभीर हालत का हवाला देते हुए डॉक्टरों ने तत्काल जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया।
जिला अस्पताल में इलाज के दौरान नवजात शिशु की मौत हो गई। लोगों ने इसकी सूचना धनघटा पुलिस को दिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। इस मामले को लेकर समूचे कस्बे में चर्चाओं का बाजार बेहद गरम है। लोगों का कहना था कि अगर औलाद को पालने का साहस नहीं है तो ऐसे पाप आखिर करते ही क्यों हैं!
यह भी पढ़ें : लखनऊ : घर छोड़ने को तैयार नहीं भीखमपुर के लोग, प्रशासन ने बिजली पानी के कनेक्शन काटे
