बरेली: आज से चलेगा अभियान... बिना पंजीकरण दौड़ रहे ई-रिक्शा वालों की खैर नहीं
बरेली, अमृत विचार। नगर निगम में रजिस्ट्रेशन कराए बगैर अब ई रिक्शा भी नहीं चलेंगे। बुधवार से नगर निगम शहर में ट्रैफिक व्यवस्था के लिए सबसे बड़ी चुनौती बने ई रिक्शा वालों के खिलाफ भी अभियान शुरू करेगा। प्रवर्तन दल और टैक्स विभाग के कर्मचारी प्रमुख तिराहों-चौराहों पर बगैर रजिस्ट्रेशन दौड़ने वाले ई रिक्शा जब्त कर नगर निगम कार्यालय भेजेगा, जहां से रजिस्ट्रेशन के बाद ही उन्हें छोड़ा जाएगा।
नगर निगम में लाइसेंस का प्रभार देख रहे ललतेश सक्सेना ने बताया कि रजिस्ट्रेशन के बगैर ई रिक्शा न चलने देने के नियम को सख्ती से लागू किया जाएगा। सभी ई रिक्शा वालों को अपने रिक्शा का नगर निगम में हर हाल में रजिस्ट्रेशन कराना पड़ेगा वर्ना उन पर जुर्माना लगाया जाएगा। नगर निगम के लाइसेंस विभाग में रजिस्ट्रेशन के बाद उन्हें नंबर आवंटित होगा। हर साल रजिस्ट्रेशन फीस के रूप में उन्हें दो सौ से ढाई सौ रुपये जमा करने होंगे। इससे शहर में उनकी वास्तविक संख्या का भी पता चलेगा।
बता दें कि फिलहाल शहर में चल रहे करीब साढ़े आठ हजार ई रिक्शा का रजिस्ट्रेशन है, इससे भी ज्यादा ई रिक्शा बगैर पंजीकरण के चल रहे हैं। इन पर रोक लगाने के लिए परिवहन विभाग पहले ही हाथ खड़े कर चुका है। ई-रिक्शा वालों की सड़कों पर अराजकता की वजह से शहर में जाम की समस्या बड़े संकट में तब्दील हो चुकी है, जिसका खामियाजा आम लोगों को भुगतना पड़ता है।
ये भी पढे़ं- जिला महिला अस्पताल: टीम ने दर्ज किए बयान, दो दिन और चलेगी जांच
