बरेली: एसएसपी कार्यालय में अचानक पहुंचे आईजी, फरियादियों का जाना हाल
बरेली, अमृत विचार। पुलिस महानिरीक्षक डॉ. राकेश सिंह मंगलवार को अचानक एसएसपी कार्यालय पहुंच गए। उन्हें देखकर पुलिस कर्मी हैरत में पड़ गए। आईजी ने फरियादियों से वार्ता की और शिकायत निस्तारण के संबंध में जानकारी ली। उन्होंने कार्यालय का निरीक्षण किया।
आईजी दोपहर में 1 बजे एसएसपी कार्यालय पहुंचे। शिकायतें सुन रहे एसएसपी सुशील चंद्रभान को जब जानकारी लगी तो वह तुरंत बाहर आ गए। उनका स्वागत किया। टीन शेड में बैठे फरियादियों के पास जाकर आईजी ने उनकी शिकायतों को सुना।
उन्होंने थानेदारों को जल्द शिकायतों का निस्तारण कर रिपोर्ट देने के निर्देश दिए। कार्यालय परिसर में बने अन्य शाखाओं में भी वह गए। बायोमेट्रिक मशीन के पास सीसीटीवी कैमरा लगवाने के निर्देश दिए। फरियादियों के लिए शौचालयों का निर्माण कराने को कहा।
एसएसपी कार्यालय में मौजूद इमरजेंसी सेवा के पुलिस कर्मियों को भी निर्देश दिए। उन्होंने टीनशेड हटाकर पक्की छत का निर्माण कराने को कहा। उन्होंने आईजीआरएस की शिकायत निस्तारण की जानकारी ली। उनके साथ एसएसपी घुले सुशील चंद्रभान भी मौजूद रहे। एसपी क्राइम मुकेश प्रताप सिंह, सीओ प्रथम श्वेता यादव व अन्य पुलिसकर्मी मौजूद रहे।
ये भी पढे़ं- बरेली: मुश्किलों से घिरी एंबुलेंस की राह...मरीजों की जान आफत में
