प्रतापगढ़: धनबाद जेल में गैंगस्टर अमन की हत्या के आरोपी के घर पहुंची पुलिस, पूछताछ व सत्यापन के बाद हुई रवाना

Amrit Vichar Network
Published By Sachin Sharma
On

प्रतापगढ़। झारखंड के धनबाद जेल में बंद कुख्यात अपराधी अमन सिंह की हत्या का आरोपी रीतेश यादव बेल्हा का है। वह देल्हूपुर थाना क्षेत्र के चांदपुर का है। फर्जी नाम व पता बताए जाने से धनबाद पुलिस भ्रमित थी। सही पता जानने को बुधवार देर शाम धनबाद पुलिस चांदपुर पहुंची।

धनबाद पुलिस के उपनिरीक्षक कुंदन कुमार टीम लेकर रीतेश यादव के घर पहुंचे। वहां पर पता चला कि आराेपी की मां केसरी देवी आशा कार्यकर्ता है। घर पर भाई रिषभ यादव व पिता इंद्रपाल भी मिले। इन सबसे पुलिस ने रीतेश के बारे में पूछताछ की।

घर वालों ने बताया कि दीपावली पर रीतेश का फोन घर पर आया था। उसने कहा था कि वह जहां भी है, सुरक्षित है। फिलहाल धनबाद पुलिस ने उसका आधार कार्ड व कुछ अन्य जरूरी अभिलेख कब्जे में ले लिए। घर के पास रहने वालों से भी आरोपी के बारे में बात कुछ जानने का प्रयास किया।

परिजनों ने बताया कि चार माह पूर्व वह घर से कहीं चला गया था, तब से उससे दीपावली पर ही बात हो सकी थी। रीतेश पर मारपीट, छिनैती का दो मुकदमा दर्ज है। इसमें वह प्रतापगढ़ में पकड़ा नहीं गया था। वह बीते दिनों प्रयागराज में वाहन चाेरी गिरोह में पकड़ा गया था। उसने अपना नाम पुलिस को सुंदर महतो बताया था।

उसका नाम तब पुलिस के लिए महत्वपूर्ण हो गया, जब उस पर उसी जेल में पूर्व डिप्टी मेयर नीरज सिंह के हत्यारोपी कुख्यात अमन सिंह की रविवार को गोली मारकर हत्या करने का आरोप लगा।

उसे पुलिस ने पकड़कर पूछताछ की तो उसने कई बार नाम और पता बदलकर पुलिस को गुमराह किया। जब उसने प्रतापगढ़ का नाम लिया तो पड़ताल शुरू हुई। एसपी सतपाल अंतिल ने बताया कि धनबाद पुलिस आरोपी के बारे जानकारी लेने आयी थी। सत्यापन कर वापस चली गई।

यह भी पढ़ें: लापरवाही और भ्रष्टाचार पर योगी सरकार सख्त, मुजफ्फरनगर के चकबन्दी अधिकारी को किया बर्खास्त, इन पर भी हुई कार्रवाई

संबंधित समाचार