कानरपुर: सड़क हादसे में छात्र की मौत, CCTV में कैद हुई घटना, परिजनों ने दोस्त पर लगाया यह आरोप
कानपुर, अमृत विचार। क्रॉइस्ट चर्च कॉलेज के इंटर के छात्र को स्कूटी देना उसके लिए काल बन गया। दोस्त के भेजने पर तेज रफ्तार स्कूटी अनियंत्रित होकर गिरी और इसी दौरान बगल से गुजर रहे ऑटो से छात्र टकरा गया। जिससे बिना हेलमेट के कारण सिर पर हेड इंजरी से मौके पर ही उसकी मौत हो गई। आरोप है, कि परिजनों को हादसे की जानकारी करीब तीन घंटे बाद दी गई। दोस्त के खिलाफ परिजनों में आक्रोश व्याप्त है। परिजनों को घटना की जानकारी हुई तो चीख पुकार मच गई।
लाटूश रोड अनवरगंज निवासी प्राइवेट कर्मी संजीव कुमार के 17 वर्षीय नाबालिग पुत्र अर्जुन की सड़क हादसे में मौत हो गई। पिता संजीव और चाचा आशीष ने बताया कि सोमवार शाम उसे घर के पास रहने वाला दोस्त 80 फिट रोड स्थित गेस्ट हाउस में एक शादी समारोह कार्यक्रम में साथ में ले गया था। दोनों रात भर वहीं रुके।
कानरपुर:
— amrit vichar (@amritvicharlko) December 7, 2023
सड़क हादसे में छात्र की मौत, CCTV में कैद हुई घटना, परिजनों ने दोस्त पर लगाया यह आरोप pic.twitter.com/NLl6hGwTXf
आरोप है कि सुबह आठ बजे करीब दोस्त ने अर्जुन को अपनी स्कूटी दी और किसी काम से घर भेज दिया। वहां से लौटते समय रायपुरवा स्थित चंद्रिका देवी मंदिर के पास स्कूटी अनियंत्रित होकर सड़क पर जा गिरी। इस दौरान वहां से गुजर रही ऑटो में उसका सिर टकरा गया। हेलमेट न पहने होने की वजह से मौके पर ही उसकी मौत हो गई।
पुलिस ने गाड़ी नंबर की मदद से घटना की जानकारी दोस्त को दी। मौके पर पहुंचे दोस्त के साथ पुलिस ने शव मोर्चरी भेजकर परिजनों को जानकारी देने की बात कही। आरोप है कि दोस्त ने परिजनों को घटना के करीब तीन घंटे बाद जानकारी दी। इस बीच हैलट में शव लावारिस पड़ा रहा। जब मृतक के परिजन पहुंचे तो दोस्त उन्हें देखते ही फरार हो गया।
परिजनों का कहना है कि अर्जुन नौसिखिया था वह ठीक से स्कूटी नहीं चला पाता था उसे जबरन गाड़ी देकर भेजा गया। घटना से आक्रोशित परिजनों ने उसकी मौत का जिम्मेदार दोस्त को ठहराया। इस संबंध में रायपुरवा थाना प्रभारी अंकिता वर्मा ने बताया कि परिजनों ने अभी तक कोई तहरीर नहीं दी है। परिजन अगर आरोप लगा रहे हैं, तो जांच कर कार्रवाई की जाएगी। उधर हादसे का वीडियो वहां लगे सीसी कैमरे में कैद हो गया।
यह भी पढ़ें:-आजमगढ़ में भीषण हादसा: ट्रक की टक्कर से टेंपों सवार तीन लोगों की मौत, सीएम ने जताया गहरा दुख
