बिजनौर: मेढ़ पर खड़े पेड़ काटने के विवाद में युवक की गोली लगने से मौत 

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

मृत युवक के ताऊ ने चार लोगों के खिलाफ तहरीर दी, पुलिस ने नामजद आरोपी भूपेंद्र को किया गिरफ्तार

बिजनौर/ बढ़ापुर, अमृत विचार। गांव कुंआखेड़ा खदरी में पेड़ों के विवाद में एक पक्ष ने फायरिंग कर दी। गोली लगने से युवक की मौत हो गई जबकि, महिला समेत तीन लोग घायल हो गए। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मृत युवक के ताऊ ने चार लोगों के खिलाफ नामजद तहरीर दी है। घटना की सूचना पर डीआईजी मुनिराज जी ने भी मौका मुआयना किया और पुलिस ने भूपेंद्र को गिरफ्तार कर लिया है।

एसपी पूर्वी धर्म सिंह मार्छाल ने बताया कि बढ़ापुर थाना क्षेत्र के कुआंखेड़ा खदरी निवासी गुरदीप सिंह का पड़ोसी भूपेंद्र सिंह से खेत की मेढ़ पर खड़े पेड़ों को लेकर विवाद चल रहा है। इस प्रकरण की गुरदीप सिंह ने कई बार भूपेंद्र सिंह की शिकायत पुलिस से की थी। मगर पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की। रविवार को हुए दोनों पक्षों के बीच फिर से विवाद हो गया। आरोप है कि भूपेंद्र सिंह ने गुरदीप सिंह और उसके दोनों बेटों गोविंद तथा अमरीक और पत्नी वीरोबाई पर गोली चला दी।

घटना में गोली लगने से 23 वर्षीय गोविंद की मौके पर ही मौत हो गई जबकि, अन्य तीनों गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को अस्पताल भिजवाया।  गोविंद के ताऊ जीत सिंह ने भूपेंद्र सिंह, गुरजन सिंह, जीवन सिंह और भूपेंद्र के नौकर ज्ञान सिंह के खिलाफ तहरीर दी है। उधर, घटना की सूचना पर पुलिस के उच्चाधिकारी और विधायक कुंवर सुशांत सिंह भी मौके पर पहुंचे। एसपी पूर्वी ने बताया कि एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है।

ये भी पढ़ें:- बिजनौर: दीपदान करने जा रहे दो सगे भाइयों की सड़क हादसे में मौत, देर रात हुआ हादसा

संबंधित समाचार