प्रतापगढ़: 4.39 लाख किमी चलकर बेल्हा पहुंचे चार पदयात्री, आमजन को कर रहें जागरूक
आमजन को सरकारी योजनाओं के साथ स्कूलों में दे रहे जागरूकता का संदेश
प्रतापगढ़। आमजनों को सरकार की जनउपयोगी योजनाओं की जानकारी देने व स्कूलों में जागरूकता का सन्देश देने के लिए तीन जुलाई 1980 से विश्व भ्रमण पर चार पदयात्री निकले हैं। गुरुवार को इस दल ने संत एंथोनी इंटर कालेज में बच्चों एवं शिक्षकों को मतदाता जागरूकता की शपथ दिलाई।
इसके बाद डीएम संजीव रंजन से मुलाकात की तो उन्होंने दल का अभिनन्दन किया। लखीमपुर खीरी के टीम लीडर अवध बिहारी लाल के नेतृत्व में लखनऊ के निवासी जितेंद्र प्रताप, महेंद्र प्रताप, और गोविंदा नंद विश्व भ्रमण पर निकले हैं। यह लोग स्कूलों में जाकर मतदाता जागरूकता, बेटी पढ़ाओ बेटी बचाओ आदि पर जागरूक कर रहे हैं।
अब तक 4 लाख 39 हजार किलोमीटर की यात्रा पूरी कर लिए हैं। गिनीज बुक, लिम्का बुक ऑफ रिकार्ड टीम के सदस्य उत्तर प्रदेश के 49 जिलों में भ्रमण करने के बाद बुधवार को जिले में पहुंचे।
संत एंथोनी इंटर कालेज में डीआइओएस सरदार सिंह, जीजीआइसी बरहदा के प्रधानाचार्य डा. विंध्याचल सिंह, संत एंथोनी इंटर कालेज के प्रधानाचार्य फादर आनंद कुमार जान व डा. मो.अनीस के संयोजन में माउंटेनियर,पैदल विश्व भ्रमण के सदस्यों ने विद्यार्थियों से अपने अनुभव साझा किए।
इसके साथ ही मिशन शक्ति,मतदाता जागरूकता,सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक किया। विद्यार्थियों से प्रश्नोत्तरी सत्र का आयोजन किया, जिसमे विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। इस अवसर पर जान कुजूर,राजेश दुबे, शौकत अली, आशीष त्रिपाठी, ऋषिकेश शुक्ल आदि मौजूद रहे।
यह भी पढ़ें : यूपी में कांग्रेस को सिर्फ 2 सीट देगी समाजवादी पार्टी, सपा नेता ने बताई इसकी वजह
