बरेली: कब्रिस्तान में मिला युवक का शव, गला काटकर हत्या का आरोप

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

सिरौली, अमृत विचार। हरदारपुर पुलिस चौकी से करीब दो सौ मीटर दूर कब्रिस्तान में एक युवक का शव मिला। युवक के गले पर धारदार हथियार से काटे जाने के निशान थे। परिजनों ने हत्या करने का आरोप लगाया है। शव मिलने की सूचना पर भीड़ जुट गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच की।

हरदारपुर गांव निवासी इशरत ने बताया कि उसका भाई बुधवार सुबह घर से निकला था। शाम तक घर न पहुंचने पर उसकी तलाश की लेकिन कुछ पता नहीं चल सका। गुरुवार शाम गांव के कब्रिस्तान के पास बकरी चरा रहे गांव के बच्चों ने शव पड़े होने की ग्रामीणों को सूचना दी। जानकारी होते ही पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। वह वहां पहुंचे तो वह शव उसके भाई नुसरत (40) का था।

उसने बताया कि उसके भाई के गले पर धारदार वस्तु से हमला करने के निशान थे। उसका गला कटा हुआ था। उसने भाई की रात में हत्या कर शव फेंकने का आरोप लगाया है। सिरौली इंस्पेक्टर राजेश कुमार ने बताया कि घटना संदिग्ध प्रतीत हो रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

नशा मुक्ति केंद्र से लौटा था गांव
ग्रामीणों ने बताया कि युवक गुड़गांव में अपने बच्चों के साथ मजदूरी करता था। वह नशे का आदी था। कुछ दिन पहले नशा मुक्ति केंद्र में रहकर आया था। गांव लौटने पर उसने दोबारा नशा करना शुरू कर दिया था। बुधवार को गुड़गांव जाने को था। इससे पहले वह घर से कहीं चला गया था। गुरुवार को उसका शव मिला है। ग्रामीणों ने बताया कि मंगलवार को नशा करने के दौरान उसका अपने ही दोस्तों के साथ झगड़ा हुआ था। उनमें जमकर गाली गलौज हुई थी। बाद में मामला शांत हो गया था।

ये भी पढे़ं- बरेली: एसएनसीयू में आग की घटना की जांच पूरी, डीएम को सौंपी रिपोर्ट

 

संबंधित समाचार