लखनऊ: डॉक्टर के घर से चोरों ने उड़ाया नकदी और गहने, रिपोर्ट दर्ज
गोमतीनगर थाना क्षेत्र के विनयखंड में हुई घटना
लखनऊ, अमृत विचार। गोमतीनगर क्षेत्र में रहने वाले डॉक्टर के घर से देर शाम चोरों ने नकदी और गहने समेत लाखों का सामान पार कर दिया। घर लौटने पर पीड़ित को घटना की जानकारी हुई। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस घटना के खुलासे में जुटी है। विनयखंड निवासी डॉ. मुबीन ने पुलिस को बताया कि वह अपार्टमेंट में ऊपरी तल पर बने फ्लैट में परिवार के साथ रहते हैं।
गुरुवार को वह घर से बाहर थे, शाम करीब 4 बजे गेट लॉक कर बेटा रेहन मुबीन कोचिंग चला गया। रात 8 बजे डॉक्टर घर लौटे तो फ्लैट का दरवाजा खुला और कमरे में फर्श पर सामान बिखरा मिला। चोर अलमारी में रखी नकदी और हार, कंगन, बाली चुरा ले गये थे। डॉक्टर ने बताया कि करीब 15 दिन पहले उनकी कार में रखी घर की चाबी गायब हो गई थी।
उन्होंने उक्त चोर द्वारा ही घर के सामान पर हाथ साफ करने की आशंका जताई है। इंस्पेक्टर दीपक कुमार पांडेय ने बताया अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। आरोपी की पहचान के लिए अपार्टमेंट में लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। जल्द ही आरोपी की पहचान कर गिरफ्तारी कर ली जायेगी।
ये भी पढ़े:-ग्रेटर नोएडा पहुंचे सीएम योगी, GBC से पहले आधिकारियों के साथ करेंगे समीक्षा बैठक
