बरेली: गरीबरथ एक्सप्रेस का इंजन फेल, जंक्शन पर इंतजार करते रहे यात्री
बरेली, अमृत विचार। एक ओर कोहरे के कारण ट्रेनें लेट चल रही हैं तो दूसरी ओर रेलवे के ताबड़तोड़ ब्लॉक ने यात्रियों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। शनिवार को गरीब रथ एक्सप्रेस का इंजन फेल हो गया। यात्रियों को घंटों स्टेशन पर ट्रेन का इंतजार करना पड़ा।
12211 आनंद विहार गरीब रथ एक्सप्रेस बिहार के मुजफ्फरपुर स्टेशन से आनंद विहार के लिए जाती है। लखनऊ तक ट्रेन अपने निर्धारित समय से चल रही थी, लेकिन अचानक ट्रेन लेट होना शुरू हो गई।
अजय कुमार नाम के एक यात्री ने एक्स पर रेल अधिकारियों को जानकारी देते हुए बताया कि एक घंटे से आनंद विहार गरीबरथ एक्सप्रेस को काकोरी स्टेशन पर ही रोककर रखा गया है, जबकि बाकी ट्रेनों को निकाला जा रहा है। जिसके बाद डीआरएम मुरादाबाद के एक्स हैंडल से जानकारी दी गई कि काकोरी स्टेशन के पास ट्रेन का इंजन फेल हो गया है। जिसकी वजह से ट्रेन लेट हो रही है। करीब दो घंटा तक यह ट्रेन एक ही स्टेशन पर खड़ी रही। दूसरा इंजन लगाकर ट्रेन को आगे बढ़ाया गया। बरेली आते-आते यह ट्रेन ढाई घंटा लेट हो गई।
यह ट्रेनें जंक्शन पर देरी से पहुंचीं
कोहरे की वजह से ट्रेनें निरस्त करने से थोड़ा दबाव कम हुआ है। ट्रैफिक कम होने से ट्रेनों के समय पालन में भी मामूली सुधार आया है। बावजूद इसके कुछ ट्रेनें अब भी लेट चल रही हैं। शनिवार को 12355 अर्चना एक्सप्रेस दो घंटा, 15075 त्रिवेणी एक्सप्रेस एक घंटा, 15910 अवध असम एक्सप्रेस एक घंटे की देरी से जंक्शन पर पहुंची। इसके अलावा करीब आधा दर्जन ट्रेनें देरी से आईं।
ये भी पढे़ं- बरेली: नशे की लत बिगाड़ रही भविष्य, नशा छुड़वाने हर महीने जिला अस्पताल पहुंच रहे 350 लोग
