मुरादाबाद : रेलवे की अंतर विभागीय क्रिकेट प्रतियोगिता में परिचालन विभाग की टीम ने दर्ज की जीत
सेमीफाइनल मैच में परिचालन विभाग की टीम ने वाणिज्य को नौ विकेट से हराया, सीनियर डीसीएम चेतन तनेजा को स्मृति चिह्न देते खेल सचिव राजेंद्र शर्मा व अन्य
मुरादाबाद, अमृत विचार। रेलवे क्रीड़ागन पर आयोजित अंतर विभागीय क्रिकेट प्रतियोगिता का सेमीफाइनल वाणिज्य और परिचालन विभाग की टीमों के बीच खेला गया। मैच में परिचालन विभाग की टीम ने जीत दर्ज की।
परिचालन विभाग की टीम का नेतृत्व वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक (कोचिंग) सुधीर सिंह ने की। परिचालन टीम के कप्तान के रूप में वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक (सामान्य) चेतन तनेजा ने अपनी जिम्मेदारी निभाई। कोचिंग टीम के खिलाड़ियों ने 20 ओवर में छह विकेट खोकर 154 रन बनाए, जबकि लक्ष्य का पीछा करने उतरी चेतन तनेजा के नेतृत्व वाली परिचालन विभाग की टीम ने एक विकेट के नुकसान पर 18.1 ओवर में ही 156 रन बनाकर मैच जीत लिया।
सुधीर सिंह की टीम के अजय ने 53, महेंद्र ने 48 और महेश मीना ने 44 रन बनाए, जबकि परिचालन विभाग की टीम के कप्तान चेतन ने 20 रन बनाए। इसी टीम के सुफियान खान ने 30 और नाजिम अली ने 40 रनों का योगदान दिया। रेलवे टीम के सचिव राजेंद्र शर्मा ने बताया कि रोमांचक मैच में खिलाड़ियों के प्रदर्शन का दर्शकों ने तालियां बजाकर स्वागत किया।
ये भी पढ़ें:- मुरादाबाद : कांग्रेसियों ने पार्टी की पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी का मनाया जन्मदिन
