शाहजहांपुर: फंदे पर लटका मिला महिला का शव, पिता और भाई ने ससुराल वालों पर लगाया हत्या का आरोप

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

मदनापुर/शाहजहांपुर, अमृत विचार। एक महिला का शव कमरे में पंखे के कुंडे से संदिग्ध परिस्थितियों में लटका हुआ मिला। पुलिस ने महिला के शव को उतारा। मृतका के पिता और भाई का आरोप है कि दहेज के लिए ससुराल वाले उसकी बहन को प्रताड़ित किया करते थे। उसका आरोप है कि ससुराल वालों ने उसकी बहन को मार डाला है। मामले में मृतका के पिता अमरपाल की ओर से पति समेत छह लोगों के खिलाफ तहरीर दी गई है।

थाना क्षेत्र के गांव हैवतपुर निवासी धमेंद्र यादव की शादी चार साल पहले 24 वर्षीय चांदनी निवासी फतेहपुर थाना खुदागंज के साथ हुई थी। धमेंद्र यादव शुक्रवार को कहीं गया हुआ था और परिवार के अन्य लोग भी कहीं गए हुए थे। वह शाम पांच बजे घर लौटा तो देखा कि उसकी पत्नी चांदनी का शव कमरे में पंखे के कुंडे से साड़ी से लटका हुआ था। उन्होंने थाने और ससुराल वालों को सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची और महिला के शव को उतार लिया। इधर मृतका का भाई शानू परिवार वालों के साथ बहन की ससुराल पहुंचा। 

उन्होंने बताया कि उसकी बहन को ससुराल वाले दहेज में चौपहिया वाहन की मांग को लेकर  प्रताड़ित किया करते थे और जान से मारने की धमकी दिया करते थे। उसकी बहन ने फोन पर कई बार कहा था कि ससुराल वाले दहेज के लिए प्रताड़ित किया करते है। 

उन्होंने ससुराल वालों पर मार डालने का आरोप लगाया है। मृतका के पिता अमरपाल ने पति समेत छह लोगों के खिलाफ तहरीर दी है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। प्रभारी निरीक्षक अश्वनी कुमार ने बताया कि मृतका के मायके वालों की तरफ से कोई तहरीर नहीं आई है और तहरीर मिलने पर रिपोर्ट दर्ज की जाएगी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट से मौत का कारण स्पष्ट होगा। मृतका के दो छोटे बच्चे है। मौत की खबर से परिवार में रोना पीटना मच गया है।

ये भी पढे़ं- शाहजहांपुर की एसओजी नहीं, नोएडा पुलिस ले गई साले-बहनोई को

 

संबंधित समाचार