Auraiya Accident: आगरा लखनऊ एक्सप्रेस-वे पर वाहन का इंतजार कर रहे नौ लोगों को कार ने रौंदा, तीन की मौत, छह घायल

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

आगरा लखनऊ एक्सप्रेस वे पर औरैया में वाहन का इंतजार कर रहे नौ लोगों को कार ने रौंदा।

आगरा लखनऊ एक्सप्रेस वे पर औरैया में वाहन का इंतजार कर रहे नौ लोगों को कार ने रौंद दिया। हादसे में तीन की मौत हो गई। जबकि छह लोग घायल हो गए।

औरैया, अमृत विचार। एरवाकटरा थानाक्षेत्र के उमरैन के पास आगरा लखनऊ एक्सप्रेसवे पर वाहन का इंतजार कर रहे नौ लोगों को एक तेज रफ़्तार कार ने रौंद दिया। टक्कर मारते हुए कार तेजी से निकल गई। हादसा होते ही अफरा-तफरी मच गई। घायलों को सीएचसी ले जाया गया, जहां दो बालिकाओं समेत तीन की मौत हो गई। जबकि अन्य घायलों को डॉक्टरों ने सैफई रेफर कर दिया। घटना के बाद मौके पर कोहराम मचा है। पुलिस एक्सप्रेस वे पर लगे सीसीटीवी खंगाल रही है।

आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस वे पर रविवार को रफ्तार फिर काल बनकर सामने आया। एरवाकटरा के गांव नगला पहाड़ी निवासी 38 वर्षीय रमन सिंह अपनी रिश्तेदारी फतिहाबाद में एक शादी कार्यक्रम में शामिल होने के लिए पत्नी कल्पना, दस वर्षीय बेटी गुनगुन, तीन वर्षीय बेटे यश और परिवार की ही 25 वर्षीय अलका पत्नी सोनू, 8 वर्षीय आराध्या पुत्री सोनू  के साथ निकले थे।

एक्सप्रेस वे कट पर वाहन का इंतजार कर रहे थे। इस बीच रामपुरा निवासी आरती पत्नी सतीश, प्रियम पुत्री महेंद्र सिंह राजेश पुत्र बटेश्वर व रवि पुत्र राजेश दिल्ली जाने के लिए वाहन का इंतजार कर रहे थे। इस बीच तेज रफ्तार कार आई और वाहन का इंतजार कर रहे नौ लोगों को रौंदते हुई निकल गई। कार का बंपर भी टूटकर गिरा। एक्सप्रेस वे पर अफरा -तफरी मच गई।

सूचना पर पुलिस व एक्सप्रे वे की पेट्रोलिंग टीम मौके पर पहुंची। एम्बुलेंस से घायलों को सीएचसी ले जाने का सिलसिला शुरू हुआ। चीख-पुकार के बीच एक ही परिवार के लोग बुरी तरह से खून से लथपथ नजर आए।इसमें नगला पहाड़ी निवासी आराध्या (8) पुत्री सोनू सिंह, गुनगुन (10) पुत्री रमन सिंह व रमन सिंह (40) को डाक्टर ने मृत घोषित कर दिया। सीओ बिधूना अशोक कुमार ने बताया कि तीन लोगों की मौत हो जाने की पुष्टि हो रही है। अन्य घायलों का उपचार कराया जा रहा है। कुछ घायलों को सैफई रेफर किया गया है। कार की तलाश में एक्सप्रेस वे के सीसीटीवी खंगाले जा रहे है।

संबंधित समाचार