अयोध्या: बीच सत्र में ITI रुदौली को मिला 64 लाख रुपए का बजट, जानिये योगी सरकार ने क्यों लिया फैसला?
अयोध्या। प्रदेश सरकार की ओर से व्यवसायिक शिक्षा, कौशल विकास एवं उद्यमशीलता विभाग की ओर से संचालित रुदौली के दुल्लामऊ अमराई गांव स्थित राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान को विभिन्न पाठ्यक्रमों में प्रशिक्षण के लिए उपकरण और साज-सज्जा के लिए कुल 64 लाख रूपये का बजट जारी किया है। औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान में इसी शैक्षिक सत्र से प्रशिक्षण शुरू कराया गया है।
गौरतलब है कि सरकार की ओर से युवाओं को उच्चस्तरीय प्रशिक्षण के माध्यम से कुशल बनाने के लिए राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान का विस्तार किया गया है। जिला मुख्यालय स्थित राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान के अलावा रुदौली, सोहावल और मिल्कीपुर में राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान खोले गए हैं।
राष्ट्रीय कौशल योग्यता फ्रेमवर्क के तहत उद्योगों के मानकों पर प्रशिक्षुओं को उच्च स्तरीय कौशल प्रदान करने के लिए व्यवसायिक शिक्षा, कौशल विकास एवं उद्यमशीलता विभाग की ओर से राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान रुदौली के लिए निजी कंपनी टाटा सर्विसेज कंसल्टेंसी से अनुबंध किया गया है।
प्रशिक्षण एवं सेवायोजन निदेशालय की ओर से भवन का निर्माण पूरा कराये जाने और सत्यवीर सिंह की बतौर प्रधानाचार्य नियुक्ति के बाद इसी सत्र से यहां नए भवन में 12 पाठ्यक्रमों में प्रशिक्षण की शुरुआत कराई गई है। साथ ही टीसीएस की ओर से आधुनिक कार्यशाला आदि की व्यवस्था कराई जा रही है। प्रशिक्षण एवं सेवायोजन निदेशालय ने पहले चरण में उपकरण और साज-सज्जा के लिए बजट आवंटित किया था।
राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान अयोध्या के प्रधानाचार्य और नोडल अधिकारी वीके बाजपेयी की ओर से प्रशिक्षण को सुचारु रूप से संपन्न कराने के लिए बजट आवंटन का प्रस्ताव निदेशालय भेजवाया था। जिसके बाद दस पाठ्यक्रमों के प्रशिक्षण में उपकरण की खरीद, उनकी स्थापना और साज-सज्जा के लिए प्रस्तावित 64 लाख रूपये अवमुक्त किया गया है। इस बाबत संयुक्त सचिव कुलदीप बाबू ने निदेशक प्रशिक्षण एवं सेवायोजन को पत्र जारी किया है।
उद्योग की मांग के अनुरूप हैं पाठ्यक्रम
राजकीय आईटीआई रुदौली में उद्योग की मांग के अनुरूप टीसीएस की मदद से अत्याधुनिक पाठ्यक्रम के संचालन की योजना बनाई गई है। पहले चरण पारंपरिक के साथ कुल 12 पाठ्यक्रमों का संचालन किया जा रहा है। अनुबंध के के तहत आईटीआई में अत्याधुनिक वर्कशॉप, स्मार्ट क्लास, आधुनिक मशीनें, उपकरण, ई-कंटेंट, सॉफ्टवेयर का विकास किया जाना है और 60 हजार सालाना क्षमता के 11 आधुनिक व 23 शार्ट टर्म कोर्स का संचालन होना है।
भविष्य में रोबोटिक्स, एडवांस ऑटोमोबाइल, थ्री-डी प्रिंटिंग, इलेक्ट्रिक व्हीकल, एडवांस मैन्यूफैक्चरिंग आदि के नए कोर्स चलाए जाएंगे।
इन पाठ्यक्रमों के लिए मिला बजट
इलेक्ट्रिशियन 5 लाख
फिटर 4 लाख
रेफ्रिजेशन एन्ड एयरकंडीशनिंग 3 लाख
मोटर मैकेनिक 4 लाख
वेल्डर 10 लाख
प्लंबर 40 हजार
टर्नर 15 लाख
फैशन टेक्नलॉजी 7 लाख
बेसिक कॉस्मेटोलॉजी 10 लाख
इलेक्ट्रानिक्स मैकेनिक 2 लाख
